पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी बीजेपी की संभावित चुनावी रणनीति का जवाब देने की तैयारी में जुट गई है. पार्टी पूरे पंजाब के हिंदू बहुल इलाकों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का अभियान चला रही है. इसके जरिए एक तरफ राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर बीजेपी को घेरने की कोशिश होगी, वहीं दूसरी तरफ हिंदू मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर फोकस रहेगा. रविवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने सुंदरकांड पाठ में हिस्सा लिया था. पार्टी इसे पंजाब में शुरू हुए बड़े अभियान की शुरुआत मान रही है.
सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि आम आदमी पार्टी का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी हिंदू मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर सकती है, जैसा उसने उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में किया था. हालांकि पंजाब की राजनीतिक स्थिति अलग है, इसलिए पार्टी ने समय रहते अपनी रणनीति तैयार कर ली है.
करीब 38 सीटों पर फोकस
आम आदमी पार्टी ने दो स्तरों पर रणनीति बनाई है. पहला, हिंदू बहुल विधानसभा क्षेत्रों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का आयोजन. दूसरा, बड़े स्तर पर सिग्नेचर कैंपेन चलाना. यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा. इसकी शुरुआत मंगलवार, 14 जुलाई को खरड़ विधानसभा क्षेत्र से हो गई है. पार्टी का लक्ष्य करीब 37-38 विधानसभा सीटों तक पहुंचना है, जहां हिंदू मतदाता जीत-हार में अहम भूमिका निभाते हैं. इसी अभियान के जरिए 6,000 से 8,000 पोलिंग बूथों तक पहुंचने की तैयारी है. साथ ही नए बूथ स्तर के संगठन की सक्रियता भी परखी जाएगी.
मोदी के दौरे के दौरान भी तैयारी
जानकारी के मुताबिक, 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे के दौरान भी आम आदमी पार्टी एक बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी में है. इसी महीने पठानकोट में 'एक शाम शिवजी के नाम' कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें अरविंद केजरीवाल के शामिल होने की योजना है. पार्टी का मानना है कि हिंदू समाज से जुड़े इन कार्यक्रमों का सिख मतदाताओं पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि पंजाब में उसका प्रमुख चेहरा अब भी भगवंत मान हैं.
अमित भारद्वाज