चक्रवात 'अर्नब' (Cyclone Arnab) का खतरा अब झारखंड के ऊपर मंडराने लगा है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राजधानी रांची में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.
रांची में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के कार्यालय (जिला शिक्षा कार्यालय, रांची) की तरफ से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, रांची जिले को 'ऑरेंज जोन' में रखा गया है. इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा-34 के तहत जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक समेत) और सभी निजी विद्यालयों में वार्ड KG से वर्ग 12 तक की कक्षाएं 28.10.2026 एवं 29.10.2026 को पूरी तरह स्थगित रहेंगी.
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर इस पर निर्णय ले सकता है.
शिक्षकों के लिए क्या हैं निर्देश?
भले ही इन दो दिनों तक बच्चों की कक्षाएं बंद रहेंगी, लेकिन स्कूलों में प्रशासनिक और गैर-शैक्षणिक कार्य जारी रहेंगे. आदेश के अनुसार, सभी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षिकाएं स्कूल में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का संपादन करेंगे. साथ ही, रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी कोटि के स्कूल ई-विद्यावाहिनी (e-Vidyavahini) पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे.
अन्य जिलों में भी सतर्कता
चक्रवात 'अर्नब' के संभावित असर को देखते हुए सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि झारखंड के अन्य प्रभावित जिलों में भी प्रशासन द्वारा एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसके तहत लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.
सत्यजीत कुमार