शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले प्रतिष्ठित संस्थानों से जब शर्मनाक खबरें आती हैं, तो पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा हो जाता है. ताजा मामला चेन्नई की अन्ना यूनिवर्सिटी का है, जहां एक छात्रा ने प्रोफेसर ए. ज्ञानवेल बाबू (A Gnavel Babu) पर पिछले तीन साल से मानसिक और यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है. छात्रा ने इस मामले में चेन्नई पुलिस कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
मदद के बहाने बिछाया 'जाल'
पीड़ित छात्रा के मुताबिक, यह सिलसिला तब शुरू हुआ जब वह दूसरे वर्ष (2nd Year) में थी. छात्रा के पारिवारिक संघर्षों के बारे में जानकर प्रोफेसर ने उसे इंटर्नशिप में मदद करने का भरोसा दिया. लेकिन मदद का यह हाथ जल्द ही उत्पीड़न के पंजे में बदल गया. छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर उसे रात 10 बजे के बाद फोन करने लगा.
इनर वियर से लेकर पीरियड्स तक... अश्लील बातें
शिकायत कॉपी के अनुसार, तीसरे वर्ष तक आते-आते प्रोफेसर की हरकतें बेहद आपत्तिजनक हो गईं. छात्रा ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर उसे फोन करने के लिए मजबूर करता था और उसकी 'इनर वियर', 'मासिक धर्म' (पीरियड्स), शादी और अन्य बेहद निजी मामलों पर अश्लील बातें करता था. इतना ही नहीं, छात्रा का दावा है कि प्रोफेसर ने उसे पैसों का लालच भी दिया और आपत्तिजनक मैसेज भेजे.
ब्लॉक करने के बाद भी नहीं माना प्रोफेसर
छात्रा ने बताया कि परेशान होकर जब उसने प्रोफेसर का नंबर ब्लॉक कर दिया, तो वह उसके दोस्तों के जरिए उस तक पहुंचने की कोशिश करने लगा. हार मानकर छात्रा ने कॉलेज की POSH (प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हैरेसमेंट) कमेटी का दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने प्रोफेसर के खिलाफ अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है.
कैंपस में उबाल: छात्रों का प्रदर्शन
इस घटना के सामने आने के बाद अन्ना यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों का भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. छात्र संगठन प्रोफेसर को तुरंत निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रशासन की चुप्पी ने छात्रों के गुस्से को और भड़का दिया है.
अनघा