उत्तर प्रदेश सरकार ने 2026-27 भर्ती के लिए पुलिस विभाग में करीब 81,000 पदों पर भर्ती करने की घोषणा की है. यह भर्ती प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) अलग-अलग पदों के लिए समय-समय पर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी करेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि इन भर्तियों से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और राज्य की पुलिस व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
घोषणा के मुताबिक, यह भर्ती पुलिस विभाग में कई पदों के लिए की जाएगी. इनमें कांस्टेबल, सब-इंस्पेक्टर (एसआई), जेल वार्डर, रेडियो कैडर, कंप्यूटर ऑपरेटर, क्लर्क और अन्य तकनीकी और प्रशासनिक पद शामिल होने की उम्मीद है. हालांकि, पदों के मुताबिक, पदों को लेकर ऑफिशियल वेबसाइट पर जानकारी दी जाएगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बड़ी भर्ती उत्तर प्रदेश पुलिस को और मजबूत बनाने, पुलिस बल बढ़ाने और कानून व्यवस्था बेहतर करने के लिए की जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राज्य में आधुनिक पुलिस व्यवस्था तैयार करने में मदद मिलेगी.
किस आधार पर होगा सिलेक्शन?
भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) से होगी. यह एक ऑब्जेक्टिव टाइप परीक्षा होगी, जिसमें जनरल नॉलेज, हिंदी, रीजनिंग एबिलिटी, मानसिक क्षमता,
न्यूमेरिकल एबिलिटी और करंट अफेयर्स से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं. सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को कानून और संविधान से जुड़े प्रश्नों के आंसर देने होंगे.
लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा. इसमें उम्मीदवारों की ऊंचाई और अन्य जरूरी शारीरिक मानकों की जांच की जाएगी. PST पास करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) देनी होगी. इसमें दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियों के जरिए उम्मीदवारों की फिटनेस और शारीरिक क्षमता की जांच की जाएगी.
योग्यता मानदंड पद और कैटेगरी के आधार पर अलग-अलग होंगे. भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट शामिल होगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि नियुक्ति से पहले उम्मीदवार सभी पात्रता आवश्यकताओं को पूरा करते हैं.
कैसे करें आवेदन?
आजतक एजुकेशन डेस्क