तमिलनाडु के वेलंकन्नी में दो नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है. आरोप है कि घर से निकली 15 साल की दोनों लड़कियों को खाने का लालच देकर अपने साथ ले जाया गया और फिर एक निजी लॉज में उनके साथ यौन शोषण किया गया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को केरल से गिरफ्तार किया है. दोनों लड़कियां पुडुकोट्टई जिले की रहने वाली हैं.
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां माता-पिता से कहासुनी के बाद घर से निकल गई थीं. इसके बाद वे वेलंकन्नी के समुद्र तट पर बैठी थीं. इसी दौरान उन्होंने आसपास की दुकानों पर काम की तलाश भी की. दुकानदारों को उनकी हालत पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों का पता लगाया. पूछताछ के दौरान लड़कियों ने आरोप लगाया कि दो युवक उन्हें खाना देने के बहाने अपने साथ एक निजी लॉज में ले गए थे. वहां दोनों के साथ यौन शोषण किए जाने की बात सामने आई.
यह भी पढ़ें: पहले बारिश में दी लिफ्ट, फिर कार में किया यौन शोषण... TVK नेता की शर्मनाक करतूत
लड़कियों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश की. जांच के दौरान पुलिस ने एंथनी और विशाल को केरल से गिरफ्तार किया. दोनों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
मेडिकल जांच के बाद घर भेजी जाएंगी लड़कियां
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियों की मेडिकल जांच कराई जाएगी. इसके बाद उन्हें उनके माता-पिता के पास भेजा जाएगा. मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है.
प्रमोद माधव