केरल के मलप्पुरम में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया, जहां कुछ बदमाशों ने मिलकर विदेश से लौट रहे एक यात्री का अपहरण कर उससे सोना और नकदी लूटने की साजिश रची थी. पुलिस को इस बारे में गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ऑपरेशन को अंजाम दिया. जिसके चलते 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे करीपुर एयरपोर्ट परिसर में विशेष अभियान चलाया गया. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 13 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने मौके से दो कारें और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था.
एफआईआर के अनुसार, आरोपी एयरपोर्ट के बाहर जमा हुए थे और उनका निशाना विदेश से आने वाला यात्री सुबैर था. जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य सुबैर का अपहरण कर उसके पास मौजूद सोना और नकदी लूटने की योजना बना रहे थे. पुलिस का कहना है कि पूरी साजिश पहले से तैयार की गई थी.
गिरफ्तार किए गए आरोपी केरल के कन्नूर, मलप्पुरम और कोझिकोड जिलों के रहने वाले हैं. इसके अलावा गिरोह में कर्नाटक के कोडागु जिले के कुछ लोग भी शामिल बताए गए हैं. पुलिस अब इन सभी आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और उनके आपसी संबंधों की जांच कर रही है.
जांच के दौरान जब्त किए गए मोबाइल फोन की पड़ताल में कई अहम जानकारियां मिली हैं. पुलिस को पता चला है कि इस साजिश में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा और भी लोग शामिल थे. बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही कुछ संदिग्ध मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश जारी है.
अधिकारियों ने यह भी बताया कि गिरोह के पास सुबैर की तस्वीरें और उससे जुड़ी अन्य व्यक्तिगत जानकारियां मौजूद थीं. इससे संकेत मिलता है कि आरोपी काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. वहीं पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या संबंधित यात्री के पास कथित तौर पर तस्करी का सोना था या नहीं.
करीपुर एयरपोर्ट पर पहले भी कथित सोना तस्करों के अपहरण और उनसे सोना तथा नकदी लूटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इस ताजा मामले में करीपुर पुलिस ने डकैती की साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
aajtak.in