उत्तराखंड के मसूरी क्षेत्र में घूमने आई गुरुग्राम की एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है. महिला अपने पति के साथ मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में ठहरी हुई थीं. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, नवविवाहित दंपती 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड भ्रमण पर निकले थे. ऋषिकेश में कुछ समय बिताने के बाद दोनों 14 जून की रात करीब 11:30 बजे टिपरीधार क्षेत्र के एक होमस्टे में रुके थे. दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था.
शुरुआती पूछताछ में पति ने बताया कि रात करीब 3:30 बजे दोनों सोने चले गए थे. सोमवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने पत्नी को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया. महिला के मुंह और नाक से खून निकल रहा था. इसके बाद होमस्टे प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. अस्पताल पहुंचने पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं.
पुलिस को कमरे से खून के निशान मिले हैं. साथ ही दो खाली शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं. पुलिस का कहना है पोस्ट मॉर्टम के बिना अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है परिवार की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई.
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया गया है.
मृतका गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थीं, जबकि उनके पति पुणे में आईटी क्षेत्र से जुड़े हैं. घटना की सूचना दोनों परिवारों को दे दी गई है. पुलिस होटल स्टाफ और पति से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है.
अंकित शर्मा