हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. फर्रुखनगर क्षेत्र में एक ईंट सप्लायर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम फर्रुखनगर स्थित श्याम कॉलोनी पहुंची. मौके पर पुलिस ने आरोपी को अपनी पत्नी के शव के पास बैठा पाया. कमरे में खून बिखरा हुआ था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था.
मृतका की पहचान 34 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नायब बताया. उसने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले पूजा से हुई थी. नायब फर्रुखनगर में ईंट सप्लाई का काम करता है, जबकि पूजा गृहिणी थीं. दंपति का एक 10 वर्षीय बेटा भी है, जो घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था.
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. अधिकारियों के अनुसार, नायब को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच नियमित रूप से झगड़े होते थे.
शनिवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आकर नायब ने हथौड़े से पूजा के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से पूजा की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
aajtak.in