उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद के बाद एक शख्स ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. बेटी को बचाने आई पत्नी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह सनसनीखेज घटना फिरोजाबाद जिले के सोफीपुर गांव में रविवार देर शाम हुई. पुलिस के अनुसार परिवार के भीतर किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घर का माहौल हिंसक हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज कुमार चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि राकेश राठौर नामक व्यक्ति ने अपनी 19 वर्षीय बेटी मुस्कान पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जब मुस्कान की मां पुष्पा देवी (48) अपनी बेटी को बचाने के लिए आगे आईं तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस ने आरोपी राकेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है.
पुलिस ने मृतका मुस्कान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी.
aajtak.in