झारखंड की राजधानी रांची में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 50 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में उसकी नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसके कथित प्रेमी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, बेटी ने अपनी मां की हत्या पैसों के विवाद में प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर की.
मृतका की पहचान नाहिदा परवीन के रूप में हुई है, जो रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोला इलाके की रहने वाली थीं. यह मामला 27 अप्रैल को सामने आया, जबकि हत्या 24 अप्रैल को की गई थी.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 26 अप्रैल को मृतका के देवर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में घटना को संदिग्ध बताया गया था. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बिहार के गया जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें नाबालिग लड़की का कथित प्रेमी अरबाज खान भी शामिल है.
मां से 5 लाख मांगकर प्रेमी को दिए
पूछताछ के दौरान नाबालिग लड़की ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह अपनी मां से पैसे मांगती थी, लेकिन मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया था. लड़की अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी और उस पर काफी पैसा खर्च कर रही थी. पुलिस के मुताबिक, लड़की ने पहले ही अपने प्रेमी को 5 लाख रुपये दे दिए थे.
मां को मारकर दफना दिया
जब मां को इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने आगे पैसे देने से मना कर दिया. इसके बाद लड़की ने अपने प्रेमी और उसके तीन दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. 24 अप्रैल को सभी ने मिलकर नाहिदा परवीन की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी. हत्या के दो दिन बाद, 26 अप्रैल को शव को डोरंडा के एक कब्रिस्तान में दफना दिया गया.
पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकलवाया
मंगलवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकलवाया. जांच में मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया.
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
aajtak.in