मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की ट्विशा शर्मा ने खुदकुशी की या फिर उसकी मौत के पीछे कोई गहरा राज छिपा है? ससुराल वालों पर गंभीर आरोपों के बीच ये सवाल बीते 12 दिनों से उलझा हुआ है. केस की तफ्तीश जारी है और CBI मामले की पड़ताल कर रही है. इस बीच ट्विशा के परिजनों को दूसरे पोस्टमार्टम से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
रविवार की 11 बजे के करीब दिल्ली से गई AIIMS के डॉक्टरों की टीम भोपाल AIIMS पहुंची और कुछ ही देर में दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. दिल्ली AIIMS के फॉरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता भी टीम का हिस्सा हैं. बताया गया है कि ट्विशा की ऑटोप्सी रिपोर्ट आने में कुछ समय लगेगा.
कुछ लैब टेस्ट जैसे हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा एनालिसिस जरूरी हैं. AIIMS दिल्ली के सीनियर डॉक्टरों की टीम सैंपल, तस्वीरें, वीडियो और लिखित निष्कर्षों के साथ वापस लौटेगी. ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के बाद कराया जा रहा है. परिवार वालों ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर कई सवाल उठाए थे.
दरअसल, 12 मई को ट्विशा शर्मा की मौत हुई थी और अगले ही दिन 13 मई को भोपाल AIIMS में शव का पोस्टमार्टम हुआ. पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह एंटी मॉर्टेम हैंगिंग यानी जीवित अवस्था में फंदे से लटकना बताया गया. डॉक्टरों के मुताबिक ट्विशा के शरीर पर किसी बड़े संघर्ष या घातक हमले के निशान नहीं मिले थे.
हालांकि, हाथ समेत शरीर के कुछ हिस्सों पर हल्की चोट और खरोंच के निशान जरूर पाए गए थे. इन्हीं निशानों को लेकर परिवार शक जता रहा है. परिवार का आरोप है कि पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हेरफेर की कोशिश हुई और ट्विशा के ससुराल वालों ने अपने रसूख का इस्तेमाल किया, जिसके चलते मौत की असली वजह सामने नहीं आ सकी.
पति समर्थ सिंह से पुलिस की लंबी पूछताछ
ट्विशा शर्मा का पति समर्थ सिंह फिलहाल 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर है. पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए सवालों की लंबी फेहरिस्त तैयार की है. जांच एजेंसियां केस से जुड़े हर पहलू को खंगालने में जुटी हैं. आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने समर्थ सिंह से पूछा है कि 12 मई यानी जिस दिन ट्विशा की मौत हुई, उस दिन वह कहां था.
क्या उस रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था? जब पत्नी की मौत हुई तो वह फरार क्यों हो गया? करीब 10 दिनों तक कहां-कहां छिपा रहा? पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान समर्थ किन-किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसकी अपनी मां गिरिबाला सिंह से भी बातचीत होती रही.
यह भी पढ़ें: सुसाइड, मर्डर या कोई बड़ी साजिश... 11 दिन बाद भी ट्विशा शर्मा की मौत पर सस्पेंस कायम!
कोर्ट में समर्थ सिंह के व्यवहार पर भी सवाल
ट्विशा के परिवार के वकील अतुल पांडेय का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद पति का फरार हो जाना खुद कई सवाल खड़े करता है. उसका परिवार लगातार समर्थ सिंह पर मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न का आरोप लगा रहा है. परिवार का कहना है कि ट्विशा की मौत के लिए समर्थ जिम्मेदार है.
हाल ही में भोपाल की एक अदालत में पेशी के दौरान ट्विशा के भाई हर्षित ने दावा किया कि समर्थ के चेहरे पर किसी तरह का दुख या तनाव नहीं दिख रहा था. उनका कहना था कि समर्थ कोर्ट में मुस्कुराता नजर आया. पुलिस अब समर्थ से ट्विशा और उसकी मां गिरिबाला सिंह के रिश्तों को लेकर भी सवाल पूछ रही है.
जांच अधिकारी यह जानना चाहते हैं कि क्या ट्विशा और उसकी सास के बीच तनाव था? क्या ट्विशा अपने परिवार से रिश्तों में तनाव की बात करती थी? परिवार द्वारा दिखाई जा रही चैट्स पर समर्थ का क्या कहना है? हालांकि समर्थ के वकील ज्ञानेंद्र शर्मा का कहना है कि क्राइम स्पॉट घर है. उन्हें नहीं लगता कि पूछताछ से बहुत कुछ नया निकलकर आएगा.
शादी के 5 महीने बाद मौत, कई सवाल बाकी
ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की शादी करीब 5 महीने पहले ही हुई थी. लेकिन कुछ ही महीनों में दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा और फिर 12 मई को ट्विशा की मौत की खबर सामने आई. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह आत्महत्या थी या इसके पीछे किसी साजिश की भूमिका थी.
ट्विशा का परिवार लगातार दावा कर रहा है कि उसकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. इसी बीच सर्वोच्च अदालत द्वारा मामले पर स्वत: संज्ञान लिए जाने की खबर ने परिवार की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने इसे न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताया है.
भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ट्विशा के घर के उस हिस्से की तस्वीर भी सामने आई है, जहां उसकी डेडबॉडी मिली थी. दावा किया जा रहा है कि ट्विशा यहीं फंदे से लटकी मिली थी. लेकिन इस घटनास्थल को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं. आमतौर पर आत्महत्या के मामलों में लोग बंद कमरे का इस्तेमाल करते हैं, ताकि कोई बीच में ना आ सके.
सवालों के घेरे में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह
ट्विशा ने छत जैसी खुली जगह को चुना, जिसका कुछ हिस्सा ही बंद था. परिवार सवाल उठा रहा है कि जब घर में दूसरे लोग मौजूद थे, तब आखिर इस तरह की घटना कैसे हुई? क्या किसी ने उसे देखा नहीं? क्या उसे रोका नहीं जा सकता था? सूत्रों के मुताबिक जांच अधिकारी घटनास्थल पर दोबारा जाकर क्राइम सीन को रीक्रिएट करने की तैयारी में हैं.
इस पूरे मामले में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की भूमिका को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं. परिवार का आरोप है कि उन्होंने अपने रसूख का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश की थी. फिलहाल केस की जांच कई स्तरों पर जारी है. दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, समर्थ सिंह से पूछताछ और क्राइम सीन की जांच इस मामले के सबसे अहम पहलू बन गए हैं.
आजतक ब्यूरो