8th Pay Commission: बेसिक-पे ज्यादा तो DA, HRA, सैलरी सबमें फायदा? समझें गणित

8th CPC Updates: कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने न्यूनतम बेसिक-पे ₹69,000 से ₹72,000 करने और सालाना इंक्रीमेंट की दर 3% से बढ़ाकर 6% करने की मांग रखी है. बेसिक-पे में बढ़ोतरी का असर सिर्फ मासिक वेतन पर नहीं, बल्कि महंगाई भत्ते (DA), मकान किराया भत्ते (HRA) और रिटायरमेंट लाभों पर भी पड़ सकता है.

Advertisement
बेसिक-पे में बढ़ोतरी का असर सिर्फ मासिक वेतन पर नहीं, DA, (HRA और रिटायरमेंट लाभों पर भी पड़ता है. (Photo: ITG) बेसिक-पे में बढ़ोतरी का असर सिर्फ मासिक वेतन पर नहीं, DA, (HRA और रिटायरमेंट लाभों पर भी पड़ता है. (Photo: ITG)

आजतक बिजनेस डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:40 AM IST

केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक-पे में बढ़ोतरी का असर सिर्फ हर महीने मिलने वाली रकम तक सीमित नहीं रहता. बेसिक-पे जितना अधिक होता है, समय के साथ सालाना इंक्रीमेंट, महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और रिटायरमेंट के समय मिलने वाले फायदों पर भी उसका असर पड़ सकता है. इसी वजह से 8वें वेतन आयोग के सामने न्यूनतम बेसिक-पे बढ़ाने और सालाना इंक्रीमेंट की दर में बदलाव की मांग अहम हो गई है. कर्मचारी संगठनों ने ₹69,000 से लेकर ₹72,000 तक न्यूनतम बेसिक-पे का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, ये मांगें हैं, अभी इन्हें मंजूरी नहीं मिली है.

Advertisement

8वें वेतन आयोग ने 22 और 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई में कर्मचारी संगठनों और दूसरे संबंधित पक्षों के साथ विचार-विमर्श किया. इससे पहले आयोग की बैठक 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में हुई थी. केंद्रीय कर्मचारी, पेंशनर्स और कर्मचारी संगठन अब भी नई सैलरी, भत्तों और पेंशन से जुड़े फैसलों का इंतजार कर रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में कर्मचारी संगठनों ने आयोग के सामने फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम बेसिक-पे, भत्तों, पेंशन सुधार, छुट्टियों के बदले मिलने वाली रकम और कर्मचारियों के मनोबल से जुड़े मुद्दे उठाए हैं. इनमें बेसिक पे में बढ़ोतरी को खास अहमियत दी जा रही है, क्योंकि इसका असर कर्मचारी की पूरी नौकरी के दौरान होने वाली कमाई पर पड़ सकता है.

₹69,000 से ₹72,000 के बीच बेसिक-पे की मांग

कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने न्यूनतम बेसिक सैलरी और फिटमेंट फैक्टर को लेकर अलग-अलग प्रस्ताव रखे हैं. नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM), स्टाफ साइड ने न्यूनतम बेसिक पे ₹69,000 और 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है. भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने न्यूनतम बेसिक पे ₹72,000 और 4 फिटमेंट फैक्टर का प्रस्ताव दिया है. संगठन ने इसके पीछे बढ़ती महंगाई को प्रमुख वजह बताया है. दोनों संगठनों ने सालाना इंक्रीमेंट की मौजूदा दर 3% से बढ़ाकर 6% करने की मांग भी की है. उनका तर्क है कि इससे कर्मचारियों को महंगाई का सामना करने और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है. यहां ध्यान रखना जरूरी है कि ₹69,000 और ₹72,000 की रकम अभी प्रस्ताव हैं. 8वें वेतन आयोग ने इन्हें अंतिम रूप से मंजूर नहीं किया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: बेसिक-पे में मर्ज होगा महंगाई भत्ता? 5वें, 6वें और 7वें CPC में क्या हुआ था

बेसिक सैलरी बढ़ने से क्या फायदा होगा?

बेसिक-पे सरकारी कर्मचारी की सैलरी का मुख्य हिस्सा होता है. इसमें महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और दूसरे भत्ते शामिल नहीं होते. लागू नियमों के अनुसार, DA और HRA जैसे भत्तों की गणना में बेसिक-पे की अहम भूमिका होती है. बेसिक-पे का असर कर्मचारी की कमाई पर लंबे समय तक पड़ता है. 7वें वेतन आयोग के तहत सालाना इंक्रीमेंट बेसिक-पे का 3% है. ऐसे में अगर किसी कर्मचारी का शुरुआती बेसिक-पे ज्यादा होता है, तो उसे हर साल मिलने वाला इंक्रीमेंट भी ज्यादा हो सकता है. इसका मतलब है कि शुरुआती बेसिक-पे जितना अधिक होगा, आगे चलकर आपकी सैलरी पर इसका बड़ा सकारात्मक असर पड़ता है.

बेसिक-पे का फायदा उदाहरण से समझें

मान लीजिए कि दो कर्मचारियों का शुरुआती बेसिक-पे अलग-अलग है. अगर दोनों पर समान इंक्रीमेंट दर लागू होती है, तो ज्यादा बेसिक-पे वाले कर्मचारी को रुपये के हिसाब से बड़ा सालाना इंक्रीमेंट मिल सकता है. उदाहरण के लिए, 3% की दर से ₹50,000 बेसिक-पे पर सालाना इंक्रीमेंट ₹1,500 होगा. वहीं, ₹70,000 बेसिक-पे पर यही इंक्रीमेंट ₹2,100 होगा. यानी शुरुआती बेसिक-पेपे में अंतर होने के कारण इंक्रीमेंट की रकम में भी अंतर रहेगा. समय के साथ यह अंतर बढ़ता ही जाता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ेगी सैलरी और पेंशन? ये 5 फैक्टर करेंगे तय

DA और HRA के साथ पेंशन पर भी असर

बेसिक-पे में बढ़ोतरी का प्रभाव केवल मासिक वेतन तक सीमित नहीं रहता. महंगाई भत्ता और मकान किराया भत्ता जैसे भुगतान भी बेसिक-पे से जुड़े होते हैं. इसलिए बेसिक-पे में बढ़ोतरी होने पर लागू नियमों के अनुसार इन भत्तों की रकम भी बढ़ सकती है. इसके अलावा, रिटायरमेंट के समय मिलने वाले कुछ लाभों पर भी असर पड़ सकता है. इनमें पेंशन, ग्रेच्युटी और छुट्टियों के बदले मिलने वाली रकम यानी लीव एनकैशमेंट शामिल हैं. इनकी गणना संबंधित सेवा नियमों और लागू प्रावधानों के अनुसार की जाती है. इसलिए ज्यादा संशोधित बेसिक-पे से इन लाभों में बढ़ोतरी की संभावना हो सकती है.

8वें वेतन आयोग की सिफारिशें कब आएंगी?

8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. आयोग के अन्य सदस्य प्रोफेसर पुलक घोष और आईएएस पंकज जैन हैं. आयोग को गठन के 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है. इस समयसीमा के हिसाब से रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने की संभावना है. हालांकि, इसे रिपोर्ट जमा करने की पक्की तारीख नहीं माना जाना चाहिए. फिलहाल आयोग कर्मचारी संगठनों और अन्य पक्षों के सुझावों पर विचार कर रहा है. न्यूनतम बेसिक-पे, फिटमेंट फैक्टर और सालाना इंक्रीमेंट में कितना बदलाव होगा, यह आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा. कर्मचारी 8वें वेतन आयोग से जुड़ी आधिकारिक जानकारी 8cpc.gov.in वेबसाइट पर देख सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »