केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से काफी उम्मीदें हैं. हर कोई जानना चाहता है कि नई सैलरी कितनी बढ़ेगी, पेंशन में कितना इजाफा होगा और हाथ में आने वाली रकम कितनी बदल जाएगी. लेकिन वेतन आयोग के सामने सिर्फ सैलरी बढ़ाने की सिफारिश करने की चुनौती नहीं है. उसे सरकारी खजाने की स्थिति, महंगाई और पेंशन पर होने वाले खर्च का भी ध्यान रखना होगा.
करीब 10 महीने के इंतजार के बाद सरकार ने 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को मंजूरी दे दी है. सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाला आयोग केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और भत्तों में बदलाव की सिफारिश करेगा. आयोग का गठन नवंबर 2025 में हुआ था और इसे अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समयदिया गया है. ऐसे में आयोग की सिफारिशें मई 2027 तक आ सकती हैं. हालांकि, उन्हें लागू करने की प्रक्रिया में अभी वक्त लग सकता है.
करीब 47 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68 लाख पेंशनर्स इसके दायरे में हैं. हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि सैलरी और पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होगी. यह फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही साफ होगा. इस बीच पांच बड़े आर्थिक फैक्टर ऐसे हैं, जिनका असर वेतन और पेंशन में होने वाली बढ़ोतरी पर पड़ सकता है.
1. देश की इकोनॉमी और सरकारी खजाने की हालत
सैलरी बढ़ाने का फैसला इस बात से भी जुड़ा होगा कि देश की अर्थव्यवस्था कैसी चल रही है और सरकार की कमाई व खर्च के बीच कितना अंतर है. आयोग आर्थिक विकास, महंगाई और राजकोषीय घाटे (Fiscal Deficit) जैसे पहलुओं का अध्ययन करेगा.
अगर अर्थव्यवस्था की रफ्तार अच्छी रहती है और सरकारी खजाने पर दबाव कम होता है, तो कर्मचारियों की सैलरी में बेहतर बढ़ोतरी की गुंजाइश बन सकती है. वहीं, अगर सरकार के खर्च बढ़ रहे हों और घाटा काबू में रखना जरूरी हो, तो वेतन बढ़ोतरी तय करते समय वित्तीय स्थिति को भी ध्यान में रखना होगा.
2. सैलरी बढ़ेगी, विकास-योजनाओं का खर्च भी जरूरी
सरकार को कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन पर खर्च बढ़ाने के साथ-साथ दूसरी जरूरी जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं. सड़क, रेलवे, अस्पताल, शिक्षा और दूसरी विकास परियोजनाओं के अलावा सरकार को कल्याणकारी योजनाओं पर भी पैसा खर्च करना पड़ता है. ऐसे में वेतन आयोग के सामने यह संतुलन बनाना अहम होगा कि कर्मचारियों को बेहतर वेतन मिले और विकास कार्यों व सरकारी योजनाओं के लिए भी पर्याप्त पैसा बचा रहे. यही वजह है कि सैलरी में बढ़ोतरी का फैसला सिर्फ कर्मचारियों की मांग या महंगाई के आधार पर नहीं, बल्कि सरकार की कुल वित्तीय जरूरतों को देखकर भी लिया जाएगा.
3. ओल्ड पेंशन स्कीम का खर्च कितना बढ़ाएगा दबाव?
पेंशन पर होने वाला खर्च भी 8वें वेतन आयोग के लिए अहम फैक्टर होगा. ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों की पेंशन का भुगतान सरकार की जिम्मेदारी है. जनवरी 2004 से पहले भर्ती हुए कर्मचारी और सशस्त्र बलों के कर्मी पुरानी पेंशन व्यवस्था के दायरे में आते हैं. वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी होने पर सरकार का कुल खर्च बढ़ सकता है. इसलिए आयोग को यह देखना होगा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देने के साथ सरकारी खजाने पर पड़ने वाले असर को कैसे संतुलित किया जाए. पेंशन की मौजूदा देनदारियां और भविष्य में बढ़ने वाला खर्च इस गणना में अहम हो सकते हैं.
4. राज्यों के बजट का भी रखना पड़ेगा पूरा ध्यान
केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों का असर सिर्फ केंद्र सरकार तक सीमित नहीं रहता. राज्य सरकारें भी आमतौर पर बाद में अपने कर्मचारियों के वेतन और पेंशन में बदलाव के लिए केंद्रीय सिफारिशों को अपनाती हैं या उनके आधार पर फैसला करती हैं. इसलिए 8वें वेतन आयोग को यह भी देखना होगा कि वेतन और पेंशन में बदलाव का राज्यों के सरकारी खजाने पर क्या असर पड़ सकता है. अलग-अलग राज्यों की आर्थिक स्थिति और खर्च उठाने की क्षमता अलग होती है. ऐसे में सिफारिशों के वित्तीय प्रभाव को समझना भी जरूरी होगा.
5. प्राइवेट कंपनियों और PSU की सैलरी में संतुलन
सरकारी कर्मचारियों के वेतन की तुलना प्राइवेट कंपनियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में मिलने वाली सैलरी से भी की जा सकती है. इसका मकसद यह देखना है कि सरकारी कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों और काम के हिसाब से उचित वेतन मिल रहा है या नहीं. अगर सरकारी और निजी क्षेत्र के वेतन में बड़ा अंतर है, तो यह भी समीक्षा का एक पहलू हो सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आयोग निजी कंपनियों की सैलरी के बराबर सरकारी वेतन करने की सिफारिश जरूर करेगा. आयोग को काम की प्रकृति, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और सरकारी वित्तीय स्थिति जैसे पहलुओं को साथ रखकर फैसला करना होगा.
7वें वेतन आयोग में क्या हुआ था?
पिछले वेतन आयोग का उदाहरण देखें, तो 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें जनवरी 2016 से लागू हुई थीं. इसके तहत फिटमेंट फैक्टर 2.57 रखा गया था, जिसके आधार पर नया वेतनमान तय किया गया. इसके बाद महंगाई भत्ते (DA) में समय-समय पर बढ़ोतरी होती रही. वर्तमान में DA बढ़कर बेसिक सैलरी का 58% हो चुका है. वेतन आयोग सिर्फ बेसिक सैलरी ही नहीं देखता. मकान किराया भत्ता (HRA), ट्रांसपोर्ट अलाउंस, मेडिकल सुविधाएं, लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC) और ग्रेच्युटी जैसे लाभों की भी समीक्षा की जा सकती है. इसलिए 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का असर कर्मचारियों की कुल सैलरी और पेंशन से जुड़े दूसरे लाभों पर भी पड़ सकता है.
कब तक लागू हो सकता है 8वां वेतन आयोग?
आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इसके बाद सिफारिशों पर सरकार विचार करेगी और उन्हें लागू करने को लेकर फैसला लेगी. इसलिए नई सैलरी कब से मिलनी शुरू होगी और एरियर मिलेगा या नहीं, इस पर अभी अंतिम तस्वीर साफ नहीं है. नई वेतन दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी किए जाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसे अभी अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता. वास्तविक तारीख और बढ़ोतरी की रकम सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी.
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए फिलहाल सबसे अहम बात यह है कि 8वें वेतन आयोग में सैलरी और पेंशन बढ़ोतरी की कोई अंतिम रकम तय नहीं हुई है. देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई, सरकारी खर्च, पेंशन की देनदारियां और निजी क्षेत्र में वेतन जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर आयोग अपनी सिफारिशें देगा. इन्हीं बातों से तय होगा कि सरकार के लिए कितनी बढ़ोतरी वित्तीय रूप से संभव होगी.
आजतक बिजनेस डेस्क