पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम्स खासी पॉपुलर हैं. अगर आप अपनी बचत (Savings) को ऐसी जगह पर निवेश (Investment) करना चाहते हैं, जहां आपका पैसे सुरक्षित भी रहे और रिटर्न भी धांसू मिले. इस लिहाज से पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित सरकारी स्कीम्स (Govy Schemes) आपके काम आ सकती हैं. इनमें किए गए निवेश पर सुरक्षा की गारंटी खुद सरकार देती है, यानी ये जीरो रिस्क सेविंग स्कीम (Zero Risk Saving Scheme) होती हैं. ऐसी ही एक स्कीम है, पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम (Post Office Time Deposit Scheme), जिसमें एक बार निवेश करके आप सिर्फ ब्याज से ही 2 लाख रुपये तक कमा सकते हैं.
सरकार दे रही तगड़ा ब्याज
Post Office Small Saving Schemes न सिर्फ सुरक्षित मानी जाती हैं, बल्कि ये रिटर्न देने के मामले में भी आगे हैं. सरकार की ओर से इन स्कीम्स पर तगड़ा ब्याज ऑफर किया जाता है. पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम (Post Office TD Scheme) की बात करें, इस पर मिलने वाला अधिकतम ब्याज 7.5 फीसदी सालाना है. यहां बता दें कि आपके निवेश टैन्योर के हिसाब से यहां ब्याज दिया जाता है. जैसे 1 साल के टाइम डिपॉजिट पर 6.9%, 2 साल के लिए 7%, 3 साल के निवेश पर 7.1% और 5 साल तक निवेश पर 7.5% का ब्याज मिलता है.
1 से 5 साल तक कर सकते हैं निवेश
जैसा कि बताया कि पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम में निवेश अवधि के हिसाब से ब्याज ऑफर किया जाता है. इसका मतलब है कि निवेशक इस सेविंग स्कीम में अपनी सुविधा के हिसाब से एक साल, दो साल, तीन साल या फिर पांच साल के लिए एकमुश्त निवेश कर सकता है.
ब्याज से ऐसे होगी 2 लाख की कमाई
इस सरकारी स्कीम में निवेश के जरिए सिर्फ ब्याज से ही दो लाख रुपये से ज्यादा की कमाई की जा सकती है. इसका गणित समझना आसान है, इसके लिए आपको अधिकतम 5 साल तक के लिए एक मुश्त पैसा निवेश करना होगा. Post Office Time Deposite Calculator से कैलकुलेशन करें, तो अगर आप अपने खाते में पांच साल के लिए 4.5 लाख रुपये का निवेश करते हैं, तो फिर इस अवधि में 7.5 फीसदी की ब्याज दर के हिसाब से आपको मैच्योरिटी पर कुल 6,52,477 रुपये मिलेंगे. इस रकम में 2,02,477 रुपये का सिर्फ ब्याज से होने वाली कमाई होगी.
निवेश-टैन्योर के हिसाब से फायदा
इस स्कीम की खास बात यही है कि निवेशक के पास अपनी सुविधा के हिसाब से टैन्योर और निवेश की रकम तय करने की आजादी मिलती है. पांच साल के बजाय अगर आप चाहते हैं कि सिर्फ तीन साल में ही ब्याज से 2 लाख रुपये की कमाई हो जाए, तो इसके लिए आपको इस टैन्योर के लिए 10 लाख रुपये की रकम लगानी होगी. 3 साल के निवेश पर मिलने वाले 7.1 फीसदी Interest Income के जरिए आपका फंड 12,35,075 रुपये हो जाएगा और इसमें ब्याज से कमाई 2,35,075 रुपये होगी.
1000 रुपये से निवेश, Tax छूट का भी लाभ
पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट स्कीम में न सिर्फ तगड़ा ब्याज मिलता है, बल्कि इस सरकारी स्कीम में किए गए निवेश के और भी फायदे हैं. इनमें टैक्स छूट का लाभ भी शामिल है. इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत निवेशकों को Tax Benefits दिए जाते हैं. इस स्कीम में कम से कम 1000 रुपये से निवेश की शुरुआत की जा सकती है और इसमें सिंगल अकाउंट या जॉइंट अकाउंट खुलवाने की सुविधा भी है. इस स्कीम में आप जितना चाहे उतना निवेश कर सकते हैं यानी इसमें मैक्सिमम लिमिट तय नहीं की गई है.