अगर आपकी मंथली सैलरी ₹25,000 है और आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के तहत पेंशन के पात्र हैं, तो यह जानना जरूरी है कि आपकी पूरी सैलरी के आधार पर पेंशन की गणना नहीं होती. ईपीएफओ के सामान्य नियमों के तहत पेंशन योग्य वेतन की अधिकतम सीमा ₹15,000 ही रखी गई है. पेंशन की रकम आपकी पेंशन योग्य सेवा और पेंशन शुरू करने की उम्र पर भी निर्भर करती है. आइए, उदाहरण से समझते हैं कि 50, 58 और 60 साल की उम्र में पेंशन लेने पर कितना अंतर पड़ सकता है.
EPS में पेंशन का कैलकुलेशन कैसे होता है?
कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत मासिक पेंशन निकालने का एक तय फॉर्मूला है.
मासिक पेंशन = (पेंशन योग्य वेतन × पेंशन योग्य सेवा) ÷ 70
यहां पेंशन योग्य वेतन का मतलब पेंशन की गणना के लिए मान्य वेतन से है. ईपीएफओ ने इसकी अधिकतम सीमा ₹15,000 तय की है. यह आम तौर पर पिछले 60 महीनों के औसत पेंशन योग्य वेतन पर आधारित होता है. पेंशन योग्य सेवा का मतलब उन वर्षों से है, जिन्हें पेंशन की गणना में शामिल किया जाता है. पात्र कर्मचारियों को 58 साल की उम्र में सामान्य पेंशन शुरू करने पर, 20 साल या उससे अधिक की पेंशन योग्य सेवा पूरी होने की स्थिति में, 2 साल का अतिरिक्त वेटेज भी मिल सकता है.
30 साल की नौकरी पर कितनी बनेगी पेंशन?
मान लीजिए, आपकी मंथली सैलरी ₹25,000 है, लेकिन पेंशन की गणना पूरे वेतन पर नहीं होगी. क्योंकि ईपीएफओ ने पेंशन की गणना के लिए मान्य वेतन ₹15,000 लागू की है. आपने 30 साल की पेंशन योग्य सेवा पूरी की है और 58 साल की उम्र में सामान्य पेंशन शुरू करते हैं. पात्रता की शर्तें पूरी होने पर सेवा में 2 साल का अतिरिक्त वेटेज जुड़ सकता है. यानी गणना के लिए कुल सेवा 32 साल मानी जाएगी.
इस हिसाब से कैलकुलेशन होगा:
पेंशन योग्य वेतन: ₹15,000
पेंशन योग्य सेवा: 30 + 2 = 32 साल
मासिक पेंशन: ₹15,000 × 32 ÷ 70
इस तरह अनुमानित मासिक पेंशन करीब ₹6,857 बनेगी. यह उदाहरण सामान्य पेंशन नियमों और बताई गई सेवा अवधि पर आधारित है.
50 साल की उम्र में पेंशन लेने पर कितना मिलेगा?
EPS के पात्र सदस्य कुछ शर्तें पूरी करने पर 50 साल की उम्र से समय से पहले पेंशन शुरू कर सकते हैं. इसके लिए कम से कम 10 साल की पेंशन योग्य सेवा जरूरी है और नौकरी छोड़ने सहित लागू शर्तें पूरी करनी होती हैं. लेकिन जल्दी पेंशन शुरू करने का नुकसान यह है कि रकम में स्थायी कटौती होती है. 58 साल की उम्र से जितने साल पहले पेंशन शुरू करेंगे, हर साल के लिए 4% कटौती लागू होती है. अगर सामान्य पेंशन ₹6,857 मानी जाए, तो 50 साल की उम्र में पेंशन शुरू करने पर 8 साल पहले पेंशन लेने के कारण कुल 32% कटौती होगी. इस हिसाब से मासिक पेंशन करीब ₹4,663 रह जाएगी. यह कटौती सामान्य तौर पर 58 साल की उम्र पूरी होने पर अपने आप वापस नहीं जुड़ती.
55 और 56 साल की उम्र में कितनी पेंशन मिलेगी?
अगर आप 58 साल का इंतजार करने के बजाय कुछ साल पहले पेंशन लेना चाहते हैं, तो कटौती के नियम को समझना जरूरी है. सामान्य पेंशन ₹6,857 मानकर देखें, तो अलग-अलग उम्र पर अनुमानित रकम इस तरह होगी:
55 साल की उम्र: 3 साल पहले पेंशन शुरू करने पर 12% कटौती होगी. अनुमानित पेंशन करीब ₹6,034 महीने होगी.
56 साल की उम्र: 2 साल पहले पेंशन शुरू करने पर 8% कटौती होगी. अनुमानित पेंशन करीब ₹6,309 महीने होगी.
58 साल की उम्र: सामान्य उम्र पर पेंशन शुरू करने पर इस उदाहरण में करीब ₹6,857 महीने मिलेंगे.
ये रकम उदाहरण के लिए हैं. वास्तविक पेंशन आपकी पात्रता, पेंशन योग्य वेतन और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर तय होगी.
58 की बजाय 60 साल में पेंशन लें, तो क्या होगा?
EPS में सामान्य पेंशन की उम्र 58 साल है. हालांकि, पात्र सदस्य पेंशन शुरू करने को 60 साल की उम्र तक टालने का विकल्प चुन सकते हैं. लागू नियमों के अनुसार, 58 साल के बाद पेंशन शुरू करने में देरी के हर पूरे साल पर 4% अतिरिक्त लाभ मिल सकता है. अगर इस उदाहरण में 58 साल की उम्र पर पेंशन ₹6,857 है, तो 2 साल पेंशन टालने पर कुल 8% की बढ़ोतरी के हिसाब से रकम करीब ₹7,406 महीने हो सकती है. ध्यान रखें कि पेंशन टालने का फैसला लेने से पहले अपनी आर्थिक जरूरतों और लागू EPS नियमों को समझना जरूरी है.