Advertisement

यूटिलिटी

नीचे गहरी घाटी, सामने बर्फीली चोटियां और म्यूजियम… चिनाब ब्रिज से जुड़ेगा नया आकर्षण

आजतक बिजनेस डेस्क
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:48 PM IST
  • 1/9

कश्मीर का सफर अब सिर्फ खूबसूरत वादियों तक पहुंचने का जरिया नहीं होगा, रास्ते में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज को करीब से देखने का मौका भी मिल सकता है. जम्मू-कश्मीर में चिनाब रेलवे ब्रिज के पास एक खास व्यूइंग डेक और इंजीनियरिंग म्यूजियम तैयार किया जा रहा है. यहां से पर्यटक विशाल स्टील आर्च, गहरी घाटी, चिनाब नदी और हिमालय की ऊंची चोटियों का नजारा देख सकेंगे. रेलवे की इस पहल का मकसद पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को सुरक्षित जगह पर रुकने और तस्वीरें लेने की सुविधा देना है.

  • 2/9

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बना यह रेलवे ब्रिज दुनिया के इंजीनियरिंग मार्वल में शामिल है. करीब 1,315 मीटर लंबा यह पुल चिनाब नदी के तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर बना है. इसका स्टील आर्च करीब 467 मीटर तक फैला है. ऊंचाई के लिहाज से यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है. प्रस्तावित व्यूइंग डेक से पर्यटक इस विशाल पुल और उसके आसपास फैली पहाड़ी खूबसूरती को एक तय स्थान से देख सकेंगे. 

  • 3/9

यहां से चिनाब नदी, गहरी घाटी और बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों का नजारा भी देखने को मिलेगा. इस तरह यह जगह कश्मीर जाने वाले यात्रियों के लिए एक नया टूरिस्ट स्पॉटओवर बन सकती है. पहाड़ी इलाकों में खूबसूरत नजारा दिखते ही लोग अक्सर सड़क किनारे गाड़ी रोककर तस्वीरें लेने लगते हैं. इससे यातायात और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियां पैदा हो सकती हैं. चिनाब ब्रिज के पास बनाया जा रहा व्यूइंग डेक इसी समस्या को कम करने में मदद करेगा.

Advertisement
  • 4/9

योजना के तहत पर्यटकों को तस्वीरें लेने और नजारे देखने के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा. यह सुविधा रेल संचालन और सुरक्षा से जुड़े प्रतिबंधित क्षेत्रों से अलग होगी. इससे यात्रियों को बिना जोखिम उठाए पुल और आसपास की वादियों को देखने का अवसर मिल सकेगा.

  • 5/9

म्यूजियम में समझ सकेंगे पुल बनने की पूरी कहानी

चिनाब ब्रिज के पास बनने वाला इंजीनियरिंग म्यूजियम भी इस परियोजना का अहम हिस्सा है. यहां पर्यटकों को सिर्फ पुल देखने का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि यह भी समझने को मिलेगा कि इतनी ऊंची और दुर्गम घाटी में रेलवे पुल का निर्माण कैसे किया गया. म्यूजियम में निर्माण के अलग-अलग चरणों की तस्वीरें, पुल के मॉडल, डिजिटल प्रस्तुतियां और जानकारी देने वाले दृश्य माध्यम रखे जाने की योजना है. इनके जरिए पुल के डिजाइन, मजबूत स्टील के इस्तेमाल और घाटी के ऊपर विशाल आर्च जोड़ने के लिए अपनाई गई तकनीक के बारे में बताया जाएगा.

  • 6/9

तेज हवाओं, कठिन पहाड़ी भूगर्भीय परिस्थितियों और दुर्गम इलाके में निर्माण करना इंजीनियरों के लिए बड़ी चुनौती थी. म्यूजियम इन चुनौतियों और उन्हें दूर करने के लिए अपनाए गए तरीकों को आम लोगों के सामने लाने में मदद करेगा. इससे इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भी सीखने का अवसर मिल सकता है.
 

Advertisement
  • 7/9

कश्मीर को देश से जोड़ने में अहम है चिनाब ब्रिज

चिनाब रेलवे ब्रिज केवल पर्यटन के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है. यह उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से रेल नेटवर्क के जरिए जोड़ना है. पहाड़ी क्षेत्र में सर्दियों के दौरान सड़क संपर्क प्रभावित होने पर रेल कनेक्टिविटी यात्रियों और माल की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है. चिनाब ब्रिज इस रेल परियोजना की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धियों में से एक है. इसके आसपास पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से इस ढांचे को देखने के लिए आने वाले लोगों को भी बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है.

  • 8/9

स्थानीय कारोबार को भी मिल सकता है फायदा

व्यूइंग डेक और म्यूजियम शुरू होने के बाद आसपास के इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है. इससे स्थानीय टैक्सी चालकों, परिवहन सेवाओं, छोटे भोजनालयों, दुकानदारों और ठहरने की सुविधाएं देने वाले कारोबारियों को नए अवसर मिल सकते हैं. रेलवे की इस पहल का मकसद चिनाब ब्रिज को सिर्फ रेल यातायात का हिस्सा बनाए रखना नहीं, बल्कि उसे पर्यटन और इंजीनियरिंग शिक्षा के लिहाज से भी आकर्षण का केंद्र बनाना है. इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है.

  • 9/9

कब खुलेगा व्यूइंग डेक और म्यूजियम?

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, व्यूइंग डेक और इंजीनियरिंग म्यूजियम का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और इन्हें जल्द खोलने की उम्मीद है. इस व्यूइंग डेक के खुलने से कश्मीर जाने वाले यात्रियों को प्राकृतिक खूबसूरती के साथ देश की एक बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि को देखने का नया मौका मिलेगा. चिनाब ब्रिज का नजारा, हिमालयी वादियां और निर्माण की कहानी बताने वाला म्यूजियम इस जगह को एक खास पर्यटन स्थल बना सकते हैं.
 

Advertisement
Advertisement

लेटेस्ट फोटो

Advertisement