भारतीय लोगों द्वारा पहचान पत्र के तौर यूज किया जाने वाले आधार कार्ड में समय-समय पर बदलाव होते हैं, ताकि नागरिकों की प्राइवेसी सुरक्षित रहे और उसका गलत इस्तेमाल ना हो सके. वहीं लोगों को समय-समय पर इसे अपडेट रखने की भी सलाह दी जाती है.
UIDAI की ओर से भी आधार को अपडेट करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं. हालांकि, आधार में कुछ अपडेट करने पर लोगों को शुल्क का भुगतान करना पड़ता है. लेकिन एक जुलाई से एक सर्विस को यूआईडीएआई फ्री करने जा रही है. इसे अपडेट करने पर अब लोगों को कोई चार्ज देनी नहीं पड़ेगी.
एक आधिकारिक नोटिफिकेशन में कहा गया है कि आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल एड्रेस को अपडेट करने पर अब कोई शुल्क नहीं देना होगा. यह एक जुलाई 2026 से लेकर 31 दिसंबर 2026 तक, छह महीने के लिए लागू रहेग.
पहले इस आधार सर्विस को अपडेट करने के लिए 75 रुपये का चार्ज देना होता था, लेकिन अब ये सर्विस फ्री होने जा रही है. अगर आपका ईमेल आईडी आपके आधारकार्ड से लिंक रहेगा तो आप सभी जरूरी जानकारियां समय पर पा सकते हैं, जिससे आपको किसी भी गलत यूज पर आपको जानकारी मिल सकती है.
यूआईडीएआई ने हाल ही में यूजर्स को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से आधार संबंधी सेवाएं प्रदान करने के लिए आधार मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया है. शुल्क में छूट 1 जुलाई, 2026 से 31 दिसंबर, 2026 तक लागू रहेगी. इस अवधि के बाद, UIDAI नीति की समीक्षा कर सकता है और यह निर्णय ले सकता है कि छूट को बढ़ाया जाए या शुल्क को पुनः लागू किया जाए.
यह छूट सिर्फ आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से किए गए ईमेल एड्रेस के अपडेट पर लागू होती है. आधार डिटेल अपडेट करने के अन्य तरीकों का विकल्प चुनने वाले यूजर्स को UIDAI के आधिकारिक वेबसाइट्स पर लागू शुल्क की जांच करनी चाहिए.