क्या भारत में प्रॉपर्टी खरीदना अब अमेरिका से भी ज्यादा महंगा हो गया है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने देश के रियल एस्टेट मार्केट और लोगों की जीवनशैली पर एक नई बहस छेड़ दी है.
अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला ने अपने 'मिडिल क्लास' घर का वीडियो टूर शेयर किया है. 1 एकड़ में फैले इस आलीशान घर की कीमत और सुविधाएं देखकर भारतीय यूजर्स हैरान हैं और अपने शहरों में प्रॉपर्टी के आसमान छूते दामों से इसकी तुलना कर रहे हैं.
महिला ने इस घर को अमेरिका में एक "मिडिल क्लास परिवार का घर" बताया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में, कनेक्टिकट में रहने वाली सोनल चौधरी दर्शकों को अपने घर की सैर कराती हैं. वह मुख्य सड़क और विशाल फ्रंट यार्ड से शुरुआत करती हैं, जिसके बाद वह गैरेज, बैकयार्ड, डेक और जिम रूम दिखाती हैं. वीडियो में वह कहती हैं, "आज, मैं आपको दिखाऊंगी कि अमेरिका में एक मध्यम वर्गीय परिवार का घर कैसा दिखता है."
यह भी पढ़ें: ऑफिस स्पेस के लिए लोगों ने खूब लगाया पैसा, घरों में निवेश घटा, रियल एस्टेट में $4.5 अरब निवेश
6 साल पहले आई थीं अमेरिका
वीडियो में सोनल चौधरी ने बताया कि वह और उनका परिवार 6 साल पहले अमेरिका आए थे और उन्होंने साल 2023 में यह घर खरीदा था. उन्होंने बताया कि यह प्रॉपर्टी 1 एकड़ से थोड़ी ज्यादा जमीन पर बनी है और मौजूदा समय में इसकी कीमत लगभग 5 से 6 करोड़ रुपये है. इसका बिल्ट-अप एरिया 2,200 स्क्वायर फीट है.
अपने घर का बैकयार्ड दिखाते हुए उन्होंने कहा कि यहां इतनी खुली जगह है कि उनके बच्चे फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य आउटडोर खेल आसानी से खेल सकते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस इलाके में घर एक-दूसरे से काफी दूरी पर बने हैं, जिससे यहां रहने वाले लोगों को पूरी प्राइवेसी मिलती है. वीडियो में परिवार का डेक, होम जिम और सिटिंग एरिया में बदला गया सनरुम, बच्चों के लिए एक झूला और घर की चिमनी भी दिखाई गई है, जिसका इस्तेमाल सर्दियों के दौरान किया जाता है.
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद से सस्ता, बंपर मुनाफा, क्या धोलेरा अगला रियल एस्टेट हॉटस्पॉट है
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो पर भारतीय यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं और भारत के रियल एस्टेट की कीमतों पर तंज कस रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- "तकनीकी रूप से देखा जाए तो प्रॉपर्टी के मामले में भारत, अमेरिका से ज्यादा महंगा है." दूसरे यूजर ने कमेंट किया "मुंबई के जुहू और बांद्रा में तो 5-6 करोड़ रुपये में सिर्फ 2 BHK फ्लैट ही आता है."
एक यूजर ने लिखा - 'जितने में वहां एक घर आ रहा है, उतने बजट में तो इंडिया में किराने की दुकान के साथ एक पूरी हाउसिंग सोसायटी बन जाएगी."
एक और व्यक्ति ने लिखा- "काश हम भारतीयों को भी ऐसी लाइफस्टाइल मिल पाती, लेकिन हमारी अत्यधिक आबादी और शोर मचाने वाले पड़ोसियों ने सचमुच सब कुछ बर्बाद कर रखा है. शांति, प्राइवेसी, व्यक्तिगत आजादी और बाउंड्री जैसी चीजें यहां मौजूद ही नहीं हैं." एक और यूजर ने कमेंट किया "भारत के किसी टियर-2 शहर में भी ऐसा घर कम से कम 30-35 करोड़ रुपये का मिलेगा. "
यह भी पढ़ें: ₹1 करोड़ का घर ₹1.8 करोड़ में बिका फिर भी जेब खाली, रियल एस्टेट का वो गणित' जो आपको नहीं पता
aajtak.in