बेंगलुरु में मिडिल क्लास लोगों के लिए घर खरीदना अब सपना बन चुका है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक शख्स की पोस्ट ने सबको हैरान कर दिया. इस व्यक्ति की महीने की कमाई ₹2.5 लाख है और उसके पास ₹70 लाख डिपोजिट भी हैं, फिर भी वह ₹1 करोड़ का घर खरीदने से पहले हिचकिचा रहा है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपनी वित्तीय स्थिति साझा करते हुए इस शख्स ने बताया कि वह हर महीने ₹2.5 लाख कमाता है और उसके पास ₹70 लाख की लिक्विड संपत्ति (कैश/इन्वेस्टमेंट) जमा है. वह सरजापुर रोड पर ₹1.05 करोड़ का एक 2BHK अपार्टमेंट खरीदने की योजना बना रहा है. अपनी बचत और सैलरी के अच्छे स्तर के बावजूद, उसने पूछा कि क्या उसकी वर्तमान स्थिति उसे यह निवेश करने की अनुमति देती है.
इस पोस्ट पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं, जहां एक पक्ष का कहना है कि ₹2 लाख की मासिक बचत के साथ ₹65,000 की EMI देना बेहद आसान है, वहीं दूसरे पक्ष का तर्क है कि रियल एस्टेट की आसमान छूती कीमतें अब अमीरों को भी आर्थिक रूप से असुरक्षित महसूस कराने लगी हैं. यह मामला दिखाता है कि मेट्रो शहरों में मकानों की कीमतें किस कदर मध्यम और उच्च-मध्यम वर्ग की चिंताओं का केंद्र बन गई हैं.
यह भी पढ़ें: नोएडा प्राधिकरण का ₹10,290 करोड़ का बजट, पूरे होंगे अटके प्रोजेक्ट्स, नई स्कीमों को मंजूरी
खरीदना सही है या किराए पर रहना?
इस मामले पर रेडिट (Reddit) के कई यूजर्स का मानना है कि घर खरीदना आर्थिक रूप से एक सही फैसला है. एक यूजर ने हिसाब लगाते हुए कहा कि अगर ₹80 लाख का होम लोन लिया जाए, तो उसकी मासिक किस्त (EMI) लगभग ₹65,000 बनेगी. उनके मुताबिक, "जिस व्यक्ति की महीने की बचत ही ₹2 लाख है, उसके लिए यह खर्च उठाना काफी आसान होगा."
हालांकि, कुछ लोगों ने सावधानी बरतने की सलाह भी दी. उनका कहना है कि लंबे समय के कर्ज में फंसने से पहले नौकरी की स्थिरता ब्याज दरों में बढ़ोतरी और इमरजेंसी फंड जैसी अनिश्चितताओं को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है.
बेंगलुरु के तेजी से बढ़ते प्रॉपर्टी बाजार को देखते हुए एक बार फिर 'किराया बनाम खरीद' (Rent vs Buy) की बहस छिड़ गई है. एक यूजर ने घर खरीदने के पक्ष में तर्क देते हुए कहा कि आज बेंगलुरु की अच्छी सोसायटियों में 2BHK फ्लैट का किराया ही ₹45,000 या उससे ज्यादा हो चुका है. ऐसे में किराए पर पैसे खर्च करने के बजाय अपनी संपत्ति के लिए EMI देना एक बेहतर विकल्प हो सकता है.
यह भी पढ़ें: 2BHK या 3BHK? 2026 में कहां निवेश करने पर मिलेगा मोटा मुनाफा, जानें पूरा गणित
aajtak.in