बीता सप्ताह शेयर बाजार के लिए खासा उतार-चढ़ाव भरा रहा. अमेरिका-ईरान में फिर से शुरू हुए युद्ध, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर गहराई ग्लोबल टेंशन और क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल ने बाजार पर दबाव बनाया. इस बीच पांच कारोबारी दिनों में दोनों इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट में रहे.
BSE Sensex जहां कुल मिलाकर 194 अंक की गिरावट में रहा, तो वहीं NSE Nifty में 64 अंकों की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान मार्केट वैल्यू के लिहाज से सबसे बड़ी सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में से छह के निवेशकों को तगड़ा नुकसान हुआ, वहीं चार कंपनियों ने उथल-पुथल के बीच भी निवेशकों की जोरदार कमाई कराई और इस मामले में HDFC Bank नंबर-1 रहा.
HDFC Bank के निवेशकों की बल्ले-बल्ले
शेयर बाजार में बीते हफ्ते जिन चार कंपनियों की मार्केट वैल्यू में इजाफा हुआ, उनमें एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल समेत एलआईसी और रिलायंस शामिल रही. इन चारों का कंबाइंड रूप से मार्केट कैपिटलाइजेशन 92,995.48 करोड़ रुपये बढ़ा.
HDFC Bank Market Cap पिछले सप्ताह बढ़कर 12.69 लाख करोड़ रुपये पर जा पहुंचा और इसके शेयरों में पैसे लगाने वाले निवेशकों ने सिर्फ पांच कारोबारी दिनों में ही ताबड़तोड़ 35,808 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली.
Airtel, LIC और रिलायंस का जलवा
एचडीएफसी के बाद अपने निवेशकों पर पैसों की बरसात करने के मामले में दूसरे पायदान पर टेलीकॉम दिग्गद Bharti Airtel रही, जिसकी मार्केट वैल्यू में 34,897 करोड़ रुपये का उछाल आया और ये 11.99 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई.
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी के मार्केट कैप में (LIC Market Cap) 16,065 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और ये 5.60 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इसके अलावा मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैपिटलाइजेशन (Reliance Market Cap) 6,225 करोड़ रुपये बढ़कर 17.71 लाख करोड़ रुपये हो गया.
इन छह कंपनियों ने कराया नुकसान
जहां Sensex Top-10 में शामिल चार कंपनियों ने अपने निवेशकों को मालामाल किया, तो वहीं छह कंपनियों में पैसे लगाने वालों को घाटा उठाना पड़ा. इनकी कुल 49,294 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम स्वाहा हो गई. इनकी लिस्ट पर नजर डालें, तो...
| सेंसेक्स टॉप कंपनियां | नुकसान | मार्केट कैप |
| HUL | ₹12,089Cr | ₹5.05 लाख करोड़ |
| L&T | ₹11,040Cr | ₹5.43 लाख करोड़ |
| TCS | ₹8,575Cr | ₹7.49 लाख करोड़ |
| Bajaj Finance | ₹7,814Cr | ₹6.35 लाख करोड़ |
| ICICI Bank | ₹6,315Cr | ₹9.99 लाख करोड़ |
| SBI | ₹3,461Cr | ₹9.56 लाख करोड़ |
टॉप रैंकिंग में रिलायंस का दबदबा
मार्केट कैपिटल में आए उतार-चढ़ाव के बीच अगर मार्केट वैल्यू के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट देखें, तो Mukesh Ambani की रिलायंस का नंबर-1 पर दबदबा कायम रहा. इसके बाद क्रमश: HDFC Bank, Bharti Airtel, ICICI Bank, SBI, TCS, Bajaj Finance, LIC, L&T और HUL का नाम रहा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपार्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क