इश्क में बनी कातिल! प्रेमी के लिए 3 बच्चों की मां ने पति को गड़ासे से काटा, फिर नहर में फेंका शव

बिहार के रोहतास जिले में कथित प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की उसकी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि 19 जुलाई की रात सो रहे वीरेंद्र सिंह की गड़ासे से हत्या कर दी गई. पहचान छिपाने के लिए शव के कपड़े उतारकर उसे नहर में फेंक दिया गया. शव बक्सर जिले में मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पत्नी ममता देवी और कथित प्रेमी अरविंद सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

Advertisement
हत्याकांड से पूरे इलाके में मची सनसनी. (Photo: Representational ) हत्याकांड से पूरे इलाके में मची सनसनी. (Photo: Representational )

पुष्पेन्द्र कुमार पाण्डेय

  • रोहतास,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:12 PM IST

बिहार के रोहतास जिले काराकाट थाना क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. यहां तीन बच्चों की मां पर आरोप है कि उसने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की सोते समय गड़ासे से हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने पहचान छिपाने के लिए शव के कपड़े उतार दिए और उसे नहर में फेंक दिया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के डेरा चंडी गांव निवासी वीरेंद्र सिंह का परिवार सामान्य जिंदगी जी रहा था. इसी दौरान उनकी दोस्ती गांव के ही अरविंद सिंह से हुई. अरविंद का घर में आना-जाना बढ़ा तो वीरेंद्र की पत्नी ममता देवी और अरविंद के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए. जांच में सामने आया कि पति इस रिश्ते में बाधा बनने लगा, जिसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

आरोप है कि 19 जुलाई की रात जब वीरेंद्र सिंह अपने घर में सो रहे थे, तभी ममता और अरविंद ने मिलकर गड़ासे से उन पर कई वार किए और उनकी हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों ने शव की पहचान छिपाने के लिए उसके शरीर से कपड़े उतार दिए और नग्न अवस्था में नहर में फेंक दिया, ताकि पुलिस मृतक की पहचान न कर सके.

Advertisement

पुलिस ने ऐसे किया हत्याकांड का खुलासा
शव नहर के बहाव के साथ रोहतास से बक्सर जिले के डुमरांव क्षेत्र के कालमानपुर गांव के पास पहुंच गया. नहर में नग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची वासुदेव ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया. बाद में परिजनों ने शव की पहचान वीरेंद्र सिंह के रूप में की. मृतक के भाई जितेंद्र सिंह के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

बक्सर पुलिस ने जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर मृतक की पत्नी ममता देवी और अरविंद सिंह को हिरासत में लिया. पूछताछ में पुलिस को प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की साजिश रचे जाने की जानकारी मिली. इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. वहीं इस खौफनाक वारदात ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है. लोग हैरान हैं कि जिस पत्नी ने जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था, उसी पर अपने पति की हत्या का आरोप लगा है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »