पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह किसी भी तरह से खान सर का समर्थन नहीं करते हैं. उन्होंने यह टिप्पणी तब की जब उनसे गायक खेसारी लाल यादव द्वारा खान सर के समर्थन को लेकर सवाल पूछा गया.
खान सर से जुड़ा विवाद 2 जून की रात सामने आया था, जब खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ और पथराव की घटना हुई थी. बताया गया कि 15 से 20 लोगों का एक समूह संस्थान परिसर में पहुंचा और वहां नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में खान सर का नाम भी शामिल किया गया है. जांच के क्रम में पुलिस ने उनसे पूछताछ की थी. हालांकि अदालत ने उन्हें राहत देते हुए 20 जून तक गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी है.
घटना के तुरंत बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने फायरिंग की है. बाद में उन्होंने अपने बयान में कहा कि वास्तव में गोली चली थी या नहीं, इसका निष्कर्ष केवल पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 4 जून को खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार में लिया था. दोनों पर हवा में फायरिंग करने का आरोप है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो में उन्हें हथियार चलाते हुए देखा गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
दूसरी ओर, पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया था. इसके बाद विवाद और गहरा गया. रोशन आनंद के समर्थकों और छात्रों ने उनके पक्ष में प्रदर्शन किया तथा रिहाई की मांग उठाई.
वहीं प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि पूरी घटना के पीछे साजिश रची गई थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
aajtak.in