इंस्टाग्राम पर प्यार, कोर्ट मैरिज और 9 महीने बाद खौफनाक अंत, तलाक से इनकार पर पत्नी को जिंदा जलाया

बिहार के सुपौल में प्रेम विवाह के करीब नौ महीने बाद 21 वर्षीय दामिनी देवी की मौत हो गई. आरोप है कि पति संजीव साह उसे सुनसान जगह पर ले गया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इलाज के दौरान दामिनी ने दम तोड़ दिया. पुलिस के मुताबिक, तलाक को लेकर दोनों के बीच विवाद था. पति गिरफ्तार है और उसके पिता से भी पूछताछ की गई है.

Advertisement
पति ने पत्नी को जलाया. (Photo: ITG) पति ने पत्नी को जलाया. (Photo: ITG)

राम चन्द्र मेहता

  • सुपौल ,
  • 26 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:31 PM IST

बिहार के सुपौल जिले से प्रेम विवाह के बाद हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि तलाक के लिए तैयार नहीं होने पर पति ने अपनी 21 वर्षीय पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगा दी. गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मामले में आरोपी पति संजीव साह को गिरफ्तार किया है. उसके पिता कीनू साह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है.

Advertisement

यह घटना सुपौल जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र की सातनपट्टी पंचायत के लालमनपट्टी स्थित सुपौल उपशाखा नहर के पास की है. पुलिस के मुताबिक, संजीव साह ने करीब नौ महीने पहले मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र की रहने वाली दामिनी कुमारी से प्रेम विवाह किया था. दोनों की पहचान करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया. इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली.

तलाक लेना चाहता था पति, पत्नी तैयार नहीं थी

एसडीपीओ वीरपुर पवन कुमार ने बताया कि शादी के बाद दोनों के बीच कुछ मुद्दों को लेकर विवाद होने लगा था. संजीव साह तलाक लेना चाहता था, लेकिन दामिनी इसके लिए तैयार नहीं थी. आरोपी के मुताबिक, उसने मुजफ्फरपुर में तलाक के लिए अर्जी दी थी, लेकिन दामिनी कागजों पर हस्ताक्षर नहीं करना चाहती थी. आरोप है कि इसी बात को लेकर उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची. संजीव ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद दामिनी एक बार उसके घर आई थी, लेकिन एक दिन बाद वापस चली गई थी. वह भी कभी-कभी ससुराल जाता था. दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मामला तलाक तक पहुंच गया.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि शनिवार शाम करीब आठ बजे दामिनी भपटियाही चौक पहुंची थी. वहां उसने पत्नी को खाना खिलाया. इसके बाद वह बाइक से पूर्वी कोसी तटबंध की बॉर्डर रोड पर एक दुकान से पेट्रोल की बोतल खरीदकर लाया और उसे दामिनी के प्लास्टिक के थैले में रख दिया. इसके बाद वह पत्नी को कोसी बांध से करीब 17 किलोमीटर आगे बायसी रोड की ओर ले गया. आरोप है कि रात करीब 10 बजे लालमनपट्टी नहर के पास सुनसान जगह पर उसने दामिनी के शरीर पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी. इसके बाद वह मौके से भाग गया.

अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

इस घटना में दामिनी गंभीर रूप से झुलस गई थी. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से जुड़े साक्ष्य मिले हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी संजीव साह को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पिता कीनू साह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया. पुलिस पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई कर रही है. मामले की जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »