पटना में 90 लाख की कोडीन कफ सिरप की खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

पटना में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 हजार 630 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 90 लाख रुपये है. संयुक्त छापेमारी में ऑटो, मकान और गोदाम से खेप पकड़ी गई है. मामले में दो अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं. पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.

Advertisement
2 हजार 863 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद.(Photo: Rajesh Kumar Jha/ITG) 2 हजार 863 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद.(Photo: Rajesh Kumar Jha/ITG)

राजेश कुमार झा

  • पटना,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:00 PM IST

बिहार की पटना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए कुल 28 हजार 630 बोतल (लगभग 2,863 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है.

Advertisement

परिचय कुमार (नगर पुलिस अधीक्षक) के अनुसार, पूर्वी क्षेत्र में मादक पदार्थों के विरुद्ध सतत और सघन अभियान चलाया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न थानों की संयुक्त टीम गठित की गई और समन्वित कार्रवाई शुरू की गई.

यह भी पढ़ें: रोकती रह गई नीचे खड़ी भीड़, पटना में छात्रा ने डबल डेकर पुल से लगा दी छलांग

23 अप्रैल को चित्रगुप्तनगर, चौक, बहादुरपुर और रामकृष्णनगर थानों को सूचना मिली कि एक अपराधी ऑटो के माध्यम से प्रतिबंधित कफ सिरप का अवैध परिवहन कर रहा है.

ऑटो से बरामदगी और छापेमारी का विस्तार

सूचना के आधार पर बहादुरपुर और चित्रगुप्तनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑटो से लगभग पांच कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर रामकृष्णनगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक स्थित एक मकान से 30 कार्टन और दीदारगंज थाना क्षेत्र के कोठिया स्थित एक गोदाम से 84 कार्टन कफ सिरप बरामद किया गया.

Advertisement

इस कार्रवाई में कुल 16 हजार 130 बोतल (लगभग 1,613 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया गया. इसके बाद मद्य निषेध विभाग से मिली सूचना पर चौक थाना क्षेत्र में जालान स्कूल के पास स्थित एक मकान में छापेमारी की गई.

छापेमारी के दौरान 84 कार्टन (लगभग 1,250 लीटर) प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद किया गया और भंडारण में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया.

कुल बरामदगी और पुलिस का सख्त संदेश

दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 28 हजार 630 बोतल (लगभग 2,863 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने बरामद सभी सामान को विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया है.

पटना पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement