ट्रैक पर उतरे थे छात्र, वायरल हुआ था वीडियो! पहले चरण के हंगामे के बाद रेलवे अलर्ट; सिपाही भर्ती के लिए किए ये कड़े इंतजाम

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण से पहले रेलवे और प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं. 4,210 पदों के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं. पहले चरण में पाटलिपुत्र स्टेशन पर भारी भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली थी. इसे देखते हुए 17 जून की परीक्षा के लिए 14 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. रेलवे ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम भी किए हैं.

Advertisement
पिछली परीक्षा में भारी हंगामा हुआ था. File Photo ITG पिछली परीक्षा में भारी हंगामा हुआ था. File Photo ITG

रोहित कुमार सिंह

  • पटना,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:33 PM IST

बिहार में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल (जेल वार्डर) और चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित इस परीक्षा का दूसरा चरण 17 जून को होने जा रहा है. पहले चरण के दौरान रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली थी, जिसके बाद रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं.

Advertisement

भर्ती अभियान के तहत कुल 4,210 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. इनमें 1,685 पद मद्य निषेध सिपाही, 2,417 पद कक्षपाल और 108 पद चलंत दस्ता सिपाही के हैं. इस परीक्षा में 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा का आयोजन बिहार के 38 जिलों में दो पालियों में किया जा रहा है.

14 जून को आयोजित हुई थी परीक्षा
पहले चरण की परीक्षा 14 जून को आयोजित हुई थी. इससे एक दिन पहले पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. हजारों परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशनों पर जुट गए थे. भीड़ इतनी अधिक थी कि रेलवे को तत्काल विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लेना पड़ा.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने 14 जून को कुल 19 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया था. इसके बावजूद पाटलिपुत्र स्टेशन पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रेलवे ट्रैक पर उतरने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए. इस घटना ने भीड़ प्रबंधन और परिवहन व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए थे.

Advertisement

रेलवे ने किया इंतजाम
अब दूसरे चरण की परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और मजबूत किया है. दानापुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि 17 जून की परीक्षा के लिए 14 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को विभिन्न जिलों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है. रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे रेलवे ट्रैक पर न उतरें और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त ट्रेनें, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के उपायों के जरिए इस बार यात्रा को सुगम बनाने और पहले चरण जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने का प्रयास किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »