बिहार की राजधानी पटना में एक व्यक्ति पर निहंग सिखों ने हमला कर दिया. निहंग सिखों ने तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसकी दो उंगलियां कट गईं. घटना पटना साहिब इलाके में स्थित हरमंदिर गली के पास की है. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पटना साहिब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जाता है कि पटना साहिब की हरमंदिर गली में गुरचरण सिंह लांबा की दुकान है. गुरचरण अपनी दुकान बंद करने के बाद वहीं खड़े होकर अपने चचेरे भाई से बात कर रहे थे. इसी दौरान दो निहंग सिख पहुंचे और उलझने लगे. निहंग सिखों ने लांबा से पूछा कि वह वहां क्यों खड़े हैं. इस पर लांबा ने कहा कि वह अपने घर, दुकान के पास बात कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बिहार में फर्जी डिग्री वाले 3035 सरकारी शिक्षक बर्खास्त, वसूली जाएगी सैलरी, 1830 पर FIR दर्ज! इस्तीफों की बाढ़
गुरचरण लांबा का आरोप है कि इसी बात पर बिफर गए. निहंग सिखों ने गुरचरण सिंह लांबा पर तलवार से हमला कर दिया. बचाव में लांबा ने हाथ आगे किया, इससे उनकी दो उंगलियां कट गईं. घटना रात करीब 9.30 बजे की है. घायल गुरचरण को उपचार के लिए पटना एम्स ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: ऊपर जलजीरा, नीचे जाम का इंतजाम... 50 लाख की शराब लेकर बिहार में घुस रहा था ट्रक, पुलिस ने पकड़ लिया
पटना पुलिस ने इस मामले में आरोपी दोनों निहंग सिख को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारी राज किशोर सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी गुरदासपुर और अमृतसर से पटना पहुंचे थे. इनके पास से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है.
aajtak.in