बक्सर में मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, तीन लोगों की गई जान, कई घायल

बिहार के बक्सर जिले में सोमवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुआ, जहां कई लोग झुलस गए. जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. अप्रैल में भी राज्य में आकाशीय बिजली से 90 से ज्यादा मौतें हुई थीं, जिससे जनहानि और फसलों को भारी नुकसान हुआ था.

Advertisement
प्रतीकात्मक फोटो. प्रतीकात्मक फोटो.

aajtak.in

  • बक्सर,
  • 16 जून 2025,
  • अपडेटेड 10:55 PM IST

बिहार के बक्सर जिले में सोमवार दोपहर को मौसम ने फिर कहर बरपाया. जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मुफस्सिल थाने के प्रभारी शंभू भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा सोमवार दोपहर हुआ, जब अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी. इस दौरान खुले में मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए. 

Advertisement

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं की गई है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज बारिश और बिजली गिरने लगी. बिजली की तेज गर्जना और चमक से लोग घबरा गए और कुछ को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

बिहार में इससे पहले भी अप्रैल महीने में आकाशीय बिजली और तूफान के कारण 90 से अधिक लोगों की जान गई थी. उस दौरान सबसे ज्यादा 23 मौतें नालंदा जिले में दर्ज की गई थीं. इसके अलावा सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हुए थे और फसलें भी बर्बाद हो गई थीं.

प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. साथ ही मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम खराब रहने और बिजली गिरने की आशंका जताई है. लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी गई है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »