बिहार के कैमूर जिले में गुरुवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. यहां दुर्गावती के डिडखीली गांव के पास नेशनल हाईवे (NH-19) के किनारे प्यार में पागल एक युवक अचानक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया. युवक अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा.
चश्मदीदों और स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, युवक दोपहर करीब 12:00 बजे से 1:30 बजे तक टावर के आसपास ही मंडरा रहा था. वो लगातार फोन पर किसी से बहस और बातचीत कर रहा था.
फोन कटने के बाद, अचानक दोपहर करीब 2:00 बजे वो अपनी जान की परवाह किए बिना सीधे हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ने लगा. उसे ऊपर चढ़ते देख आसपास के खेतों और सड़क से गुजर रहे राहगीरों के होश उड़ गए.
देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई. टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने नीचे खड़े लोगों की ओर एक पर्ची फेंकी, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था. वो जिद पर अड़ गया कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाता, वो नीचे नहीं उतरेगा.
घंटों टावर पर चढ़ा रहा युवक
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने आवाज लगाकर और माइक के जरिए युवक को समझाने-बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वो टस से मस नहीं हुआ और अपनी जिद पर अड़ा रहा.
यह भी पढ़ें: पत्नी दूसरे युवक के साथ भागकर हरिद्वार पहुंची, पीछे आया पति टावर पर चढ़ा, बोला- उसे बुलाओ
शाम 7:00 बजे तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए जद्दोजहद करते रहे. हाईटेंशन बिजली के तारों के बेहद करीब होने के कारण मौके पर किसी बड़े हादसे का गंभीर खतरा बना हुआ था, जिसके चलते पुलिस बेहद फूंक-फूंक कर कदम उठा रही थी. पुलिस उसके परिजनों से संपर्क साधने और किसी तरह युवक को सकुशल नीचे उतारने की कोशिश में जुटी रही.
रंजन कुमार त्रिगुण