बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज एक बार फिर चर्चा में है. पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ पटना में पार्टी ऑफिस के बाहर बदसलूकी की घटना सामने आई है. दावा है कि कुछ लोगों ने मनोज भारती को उनकी गाड़ी से जबरन बाहर खींचने की कोशिश की. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया, अन्यथा नौबत मारपीट तक पहुंचने वाली थी. लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया.
यह मामला पटना में जन सुराज के पार्टी ऑफिस के बाहर का बताया जा रहा है. मनोज भारती के साथ विवाद गाड़ी के बकाया भुगतान को लेकर हुआ था. जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें देखा जा सकता है कि प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती गाड़ी के अंदर बैठे हैं. उसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचता है और मनोज भारती को बाहर खींचने की कोशिश करने लगता है. आसपास मौजूद लोग उसे अलग करने की कोशिश करते हैं. मौजूद लोग जैसे-तैसे स्थिति को संभालते हैं. जिस व्यक्ति पर आरोप है कि उसने मनोज भारती से बदसलूकी की, वह गाड़ी का वेंडर बताया जा रहा है. उसने बकाया पैसों को लेकर विवाद किया.
यहां देखें Video
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि बकाया रकम कितनी थी, भुगतान को लेकर विवाद कब से चल रहा था और दोनों पक्षों के बीच पहले क्या बातचीत हुई थी.
वीडियो वायरल हुआ तो बीजेपी ने क्या कहा?
मनोज भारती से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी बिहार के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने जन सुराज पर निशाना साधा है. उन्होंने जन सुराज को 'धन सुराज' कहते हुए प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर राजनीति के जरिए बिहार में व्यापार करने आए हैं.
बीजेपी प्रवक्ता ने जन सुराज की राजनीतिक यात्रा को भी निशाने पर लिया. उनका आरोप था कि पार्टी की राजनीति बिहार के लोगों के साथ जालसाजी और भ्रष्टाचार के धन को खपाने की प्लानिंग है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता अब इन लोगों को समझ चुकी है.
यह भी पढ़ें: स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयानों पर आक्रोश, वाराणसी में स्याही फेंकने की कोशिश, दिखाए गए काले झंडे
कुंतल कृष्ण ने कहा कि यह तो अभी बानगी है और आगे क्या होता है, यह देखना बाकी है. इस पर जन सुराज या प्रशांत किशोर की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पहली नजर में मामला गाड़ी के बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद का है.
इसमें जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ बदसलूकी हुई. लेकिन वीडियो वायरल होते ही मामला राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया. फिलहाल, मनोज भारती के साथ बदसलूकी का वीडियो चर्चा में है. घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है, जबकि घटना का वीडियो 21 अक्टूबर को सामने आया.
सुजीत कुमार