'हाय कयामत करती है...' डांसर पर उड़े नोट, लहराए हथियार, JDU विधायक अनंत सिंह समेत 9 पर केस

मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है. दरअसल, अनंत सिंह गोपालगंज में एक जनेऊ समारोह में पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना इलाके के सेमरा गांव में महफिल सजी, मुजरा हुआ. डांसर पर जमकर नोट लुटाए गए. बंदूकें भी लहराई गईं. अब एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज थाने में केस दर्ज किया गया है.

Advertisement
जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे अनंत सिंह. (Photo: Screengrab) जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे अनंत सिंह. (Photo: Screengrab)

शशि भूषण कुमार / विकाश कुमार दुबे

  • गोपालगंज,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:47 AM IST

बिहार में मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह गोपालगंज में एक निजी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान समारोह में डांस की महफिल सजी. मुजरा हुआ, लेडी डांसर पर खूब नोट उड़ाए गए. कुछ लोगों ने हथियार लहराकर डांसरों के साथ झूमना शुरू कर दिया. इस मामले का वीडियो वायरल हुआ तो गोपालगंज पुलिस एक्शन में आ गई. पुलिसने आयोजक गुड्डू राय, विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह सहित 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.

Advertisement

पूरा मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव का है. यहां 2 मई को जनेऊ संस्कार कार्यक्रम था, जिसमें स्थानीय मुखिया गुड्डू राय के बेटे का समारोह था. इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मोकामा विधायक अनंत सिंह पहुंचे थे. यह समारोह एक भव्य 'महफिल' में तब्दील हो गया, जहां फिल्मी गानों की धुन पर डांस कार्यक्रम हुआ.

यहां देखें Video

'मुझको राणा जी माफ करना… और ‘मगर जब करती है तो हाय कयामत करती है...' जैसे गानों पर डांस हुआ. माहौल पूरी तरह रंगीन हो गया. वायरल वीडियो में देखा गया कि डांसरों पर खुलेआम नोटों की बारिश की जा रही है, जबकि कुछ लोग- जिन्हें विधायक के समर्थक बताया जा रहा है, हाथों में हथियार लहराते नजर आ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'मुझको राणा जी माफ करना...', महफिल में डूबे दिखे बाहुबली अनंत सिंह, नर्तकियों पर लुटाए गए नोट, लहराई बंदूकें

Advertisement

वीडियो में खुद अनंत सिंह भी महफिल का आनंद लेते दिख रहे हैं. उनके आसपास बैठे लोग नाच-गाने का लुत्फ उठा रहे हैं और माहौल किसी 'मुजरे' जैसा लग रहा है. ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई. जांच की जिम्मेदारी हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता को सौंपी गई. वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने मीरगंज थाने में केस दर्ज कर लिया.

इस केस में आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और विधायक अनंत सिंह समेत कुल 9 आरोपियों को शामिल किया गया है. इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

पूरे मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनका संज्ञान लेते हुए जांच की गई. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि 2 और 3 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव के गुड्डू राय के घर पर आयोजित जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में अवैध, प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया. हथियार लहराने के साथ ही अश्लील नृत्य हुआ. वीडियो की जांच के बाद 9 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हथियार लहराकर दहशत फैलाने व अश्लील नृत्य कराने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने महिला सम्मान और 'बेटी बचाओ' जैसे नारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक महिला पर नोटों की गड्डियां लुटाना किस तरह का सम्मान है? रोहिणी ने यह भी आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के लोग इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement