बिहार की 8 MLC सीटों पर वोटिंग, पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह फैक्टर से बढ़ा रोमांच

पटना स्नातक सीट MLC चुनाव की सबसे चर्चित सीट है, क्योंकि जेडीयू के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के अनुज सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं.

Advertisement
अनंत सिंह का कहना है कि वे नीरज कुमार को जिताने के पक्ष में नहीं हैं. (Photo- PTI) अनंत सिंह का कहना है कि वे नीरज कुमार को जिताने के पक्ष में नहीं हैं. (Photo- PTI)

रोहित कुमार सिंह

  • पटना,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:27 AM IST

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए वोटिंग चल रही है. मतदान आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत 5.32 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.

पटना स्नातक सीट से जेडीयू के नीरज कुमार, राजद के दिलीप कुमार, कांग्रेस के असदुल्लाह खान और जन सुराज के अनुज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं.

Advertisement

दरभंगा स्नातक सीट पर बीजेपी के सर्वेश कुमार, राजद के अनिल कुमार झा, कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और जन सुराज के इम्तियाज नूरानी मैदान में हैं.

तिरहुत स्नातक सीट पर जेडीयू के अभिषेक झा, राजद की रश्मि विनायक गौतम और जन सुराज के विमोहन कुमार चुनाव लड़ रहे हैं.

कोसी स्नातक सीट से बीजेपी के डॉ. एन.के. यादव, राजद के नितेश कुमार, कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल और जन सुराज के रजनीश रंजन प्रत्याशी हैं.

पटना शिक्षक सीट पर बीजेपी के नवल किशोर यादव, राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह, कांग्रेस के डॉ. संजय यादव और जन सुराज की दिव्या ज्योति चुनाव लड़ रहे हैं.

दरभंगा शिक्षक सीट से जेडीयू के घनश्याम राय, राजद के डॉ. कुंवर राय, कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा और जन सुराज के एस.पी. राय प्रत्याशी हैं.

Advertisement

तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह और जन सुराज के श्याम नंदन यादव मुख्य दावेदारों में हैं.

सारण शिक्षक सीट से जेडीयू के आनंद पुष्कर, राजद के प्रो. जयराम यादव और जन सुराज के आफाक अहमद चुनाव लड़ रहे हैं.

पटना स्नातक सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है, क्योंकि जेडीयू के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के अनुज सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं. अनंत सिंह का कहना है कि वे नीरज कुमार को जिताने के पक्ष में नहीं हैं और उनका आरोप है कि नीरज कुमार ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ काम किया था.

महागठबंधन के घटक दल 6 सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. राजद और कांग्रेस की सीधी टक्कर पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, कोसी स्नातक और पटना शिक्षक सीटों पर है. 

तिरहुत स्नातक और दरभंगा शिक्षक सीटों पर वाम दलों के प्रत्याशियों की मौजूदगी से विपक्षी वोट बंटने की स्थिति बनी है.

जन सुराज पार्टी ने आठों सीटों पर उम्मीदवार उतारकर हर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला खड़ा कर दिया है. पार्टी के लिए पटना स्नातक सीट सबसे बड़ा मौका है, क्योंकि अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिला है.

Advertisement

कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक, पटना शिक्षक, तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीटें भी हॉट बनी हुई हैं. कोसी में राजद-कांग्रेस की टक्कर और जन सुराज की दावेदारी से चारधारी मुकाबला है, जबकि दरभंगा स्नातक और सारण शिक्षक सीटें अभी निर्दलीयों के पास हैं. तिरहुत स्नातक सीट पर सबसे अधिक 1,43,988 मतदाता हैं और वहां निर्दलीय व जन सुराज की दावेदारी भी अहम है.

अगर नीरज कुमार पटना स्नातक सीट जीतते हैं, तो जेडीयू अनंत सिंह की बगावत के बावजूद अपनी ताकत दिखा सकेगी. अगर नीरज कुमार चुनाव हार जाते हैं तो इसके पीछे अनंत सिंह फैक्टर सबसे अहम माना जाएगा और साथ ही इसे जन सुराज पार्टी के बढ़ते प्रभाव के रूप में भी देखा जाएगा.

दूसरी ओर, राजद-कांग्रेस का आपसी मुकाबला की वजह से महागठबंधन के वोट का बटवारा होना तय माना जा रहा है जो महागठबंधन के लिए खतरा हो सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »