हीरो मोटोकॉर्प भारतीय बाजार में एक रेट्रो लुक वाली मॉडर्न बाइक लाने पर काम कर रही है. इसकी चर्चा एक पेटेंट के सामने आने के बाद शुरू हुई है. कंपनी ने एक नई मोटरसाइकिल का डिजाइन पेटेंट किया है, जो रेट्रो स्टाइल वाली कम्यूटर बाइक है. इस पेटेंट में जो बाइक का डिजाइन है, वो हीरो की ही दो मोटरसाइकिलों से मिलता है.
Hero के पोर्टफोलियो में एक रेट्रो लुक वाली स्प्लेंडर हुआ करती थी. 2014 में कंपनी ने इस छोटी और रेट्रो लुक वाली बाइक को लॉन्च किया था, लेकिन इसे उस वक्त सफलता नहीं मिली थी. हालांकि, ऐसे ही डिजाइन वाली एक बाइक हीरो ग्रुप जीसीसी देशों में बेचती है. हम बात कर रहे हैं Hero ECO 150 की. ये बाइक कार्गो एडिशन में भी आती है.
ऐसा लगता है कंपनी इन दोनों बाइक्स के डिजाइन से मिलता हुआ कोई नया प्रोडक्ट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. हीरो के फाइनल पेटेंट का डिजाइन काफी हद तक पुरानी स्प्लेंडर प्रो क्लासिक और दूसरे देशों में मिलने वाली इको 150 से मिलता है. फाइलिंग में इसकी रजिस्ट्रेशन डेट 5 अगस्त 2025 लिखी है. इसमें कॉम्पैक्ट और राउंड हेडलैम्प दिया गया है.
यह भी पढ़ें: सस्ते में मिल रही Hero की E85 बाइक्स, इतने हजार का है डिस्काउंट
बाइक में पतला फ्यूल टैंक, लंबी सिंगल सीट, एक्सपोज्ड साइड पैनल और सिंपल रियर सेक्शन दिया गया है. बाइक की साइड प्रोफाइल एक क्लासिक कम्यूटर शेप वाली है. लो स्टांस, नैरो बॉडीवर्क, लंबा एग्जॉस्ट और साफ सुथरा टेल सेक्शन इसे एक रग्ड बाइक वाला लुक देता है.
फ्रंट और रियर फेंडर छोटे हैं और फ्लैट सीट इसे ज्यादा प्रैक्टिकल विकल्प बनाती है. भले ही इसका लुक रेट्रो बाइक वाला हो, लेकिन हीरो इसे कम्यूटर सेगमेंट में ला सकता है. इसमें फाइव स्पोक एलॉय वील और ज्यादातर ब्राइक्स में मिलने वाला टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन दिख रहा है.
बाइक का डिजाइन ना तो हूबहू स्प्लेंडर प्रो क्लासिक से मिलता है ना ही इको 150 से. लेकिन काफी हद तक ये दोनों से प्रेरित जरूर है. संभव है कि हीरो एक नई बाइक लाने पर विचार कर रहा हो, जिसे ना सिर्फ डेली कम्यूटर के लिए तैयार किया जाए. बल्कि ये बाइक फ्लीट ओनर्स को ध्यान में रखकर लॉन्च किया जाए.
यह भी पढ़ें: 30 दिनों में 5.32 लाख टू-व्हीलर की सेल, Hero ने की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री
चूंकि बड़ी संख्या में लोग इन दिनों बाइक टैक्सी के लिए इन बाइक्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में एक बड़ी सीट, ज्यादा स्पेस इस बाइक्स को फ्लीट के लिए बेहतर विकल्प बना सकता है. यहां इस बात का ध्यान रखें कि कंपनियां कई बार बहुत से पेटेंट फाइल करती हैं. किसी डिजाइन या मॉडल के पेटेंट फाइल होने का ये मतलब नहीं है कि कंपनी इस बाइक को लॉन्च करेगी ही.
कंपनी ने 2014 में कैफे रेसर अवतार में हीरो स्प्लेंडर प्रो क्लासिक को लॉन्च किया था. ये बाइक 100 सीसी सेगमेंट में रेट्रो स्टाइलिंग के साथ आने वाले चुनिंदा विकल्पों में से एक थी. इसमें राउंड हेडलैम्प्स, क्रोम डिटेलिंग, सिंगल सीट लुक और कॉम्पैक्ट बॉडी पैनल मिलता था. ये बाइक 97.2 सीसी के एयर कूल्ड सिंगल सिलेंडर इंजन के साथ आती थी. इसमें 8.25 बीएचपी की पावर और 8.05 एनएम का टॉर्क मिलता था.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क