मोटरसाइकिलों की दुनिया में रॉयल एनफील्ड का नाम सिर्फ एक ब्रांड नहीं, बल्कि एक अलग अंदाज और जुनून की पहचान है. 125 साल का सफर. विरासत वही, लेकिन इरादे पहले से ज्यादा बड़े. रॉयल एनफील्ड ने इटली के मिलान शहर में आज से शुरू हुए EICMA 2026 मोटरसाइकिल शो में ऐसा दांव चला है, जिसने मोटरसाइकिलों की दुनिया में हलचल मचा दी है. (Photo: ITG)
कंपनी ने आज EICMA शो में एक से बढ़कर एक कई नई मोटरसाइकिलों को पेश किया है. जिसमें कंपनी की सबसे पावरफुल बाइक Himalayan 750 से लेकर Continental GT 750 और साथ ही Flying Flea S6 Scrambler मॉडल शामिल हैं. कस्टम बाइक के शौकीनों के लिए भी खास तोहफा है. यानी इस बार रॉयल एनफील्ड सिर्फ बाइक नहीं दिखा रही. वह बता रही है कि आने वाले सालों में सड़कों पर राज करने की उसकी तैयारी कितनी बड़ी है. (Photo: ITG)
रॉयल एनफील्ड ने अपने 125 साल पूरे होने के मौके पर EICMA 2026 में अपनी नई स्ट्रेटजी और प्रोडक्ट लाइनअप को दुनिया के सामने रखा. कंपनी अब अपनी ट्रेडिशनल मोटरसाइकिलों के साथ-साथ बड़े इंजन वाली बाइक्स, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और कस्टम मोटरसाइकिल कल्चर पर भी ध्यान दे रही है. (Photo: ITG)
Himalayan 750
इस पूरे शो की सबसे बड़ी पेशकश Royal Enfield Himalayan 750 रही. यह कंपनी की पहली 750 सीसी मोटरसाइकिल है, जिसे खासतौर पर लंबी दूरी और मुश्किल रास्तों पर चलने के लिए तैयार किया गया है. करीब एक दशक पहले Himalayan 411 के जरिए कंपनी ने एडवेंचर मोटरसाइकिलिंग को आम राइडर्स तक पहुंचाया था. अब Himalayan 750 के साथ कंपनी इस सफर को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में है. (Photo: ITG)
इस बाइक में नया 743 सीसी एयर/ऑयल-कूल्ड पैरेलल ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है. यह इंजन 5,000 आरएपीएम पर 63 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. खास बात यह है कि इसका 90 फीसदी टॉर्क यानी करीब 56.7 Nm केवल 3,500 RPM पर ही जेनरेट हो जाता है. इससे मुश्किल रास्तों और अलग-अलग राइडिंग कंडिशन में बेहतर ताकत मिलने की उम्मीद है. (Photo: ITG)
फीचर्स की बात करें तो Himalayan 750 में पांच राइडिंग मोड, 6-एक्सिस इनर्शियल मेजरमेंट यूनिट (IMU), कॉर्नरिंग ABS, लीन-सेंसिटिव ट्रैक्शन कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 19 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर ट्यूबलेस व्हील सेटअप मिलता है. कंपनी इसे कास्ट और स्पोक दोनों तरह के व्हील विकल्पों के साथ पेश करेगी. (Photo: ITG)
लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए इसमें एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, राइडर और पिलियन के लिए अलग-अलग सीटें और 195 किलोग्राम की पेलोड क्षमता दी गई है. कुल मिलाकर Himalayan 750 को उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो पहाड़ों से लेकर लंबी हाईवे राइड तक हर तरह के रास्तों पर सफर करना पसंद करते हैं. (Photo: ITG)
रॉयल एनफील्ड की अगली पेशकश Continental GT 750 है, जो ब्रांड की अब तक की सबसे पावरफुल प्रोडक्शन बाइक है. यह कंपनी की मशहूर कैफे रेसर मोटरसाइकिल सीरीज का नया और ज्यादा स्पोर्टी रूप है. इसमें पुराने GT मॉडल के सिग्नेचर स्टाइलिंग को बरकरार रखते हुए ज्यादा मॉडर्न डिजाइन और बेहतर परफॉर्मेंस पर ध्यान दिया गया है. (Photo: ITG)
इस बाइक में Himalayan 750 वाले नए 743 सीसी ट्विन-सिलेंडर इंजन का अपग्रेडेड वर्जन मिलेगा. कंपनी का दावा है कि Continental GT 750 उसकी अब तक की सबसे ज्यादा परफॉर्मेंस देने वाली प्रोडक्शन मोटरसाइकिल होगी. इसमें बेहतर कंपोनेंट्स, प्रीमियम मटीरियल और परफॉर्मेंस को ध्यान में रखते हुए कई बदलाव किए गए हैं. (Photo: ITG)
इसमें एक खास हाइब्रिड ट्विन-पॉड TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो इसके रेट्रो डिजाइन के साथ मॉडर्न टेक्नोलॉजी का मेल दिखाते हैं. इसे दो अलग-अलग वर्जन में पेश किया जाएगा. इसमें एक स्टैंडर्ड अनफेयर्ड मॉडल होगा, जबकि दूसरा फेयर्ड वर्जन होगा. फेयर्ड मॉडल में हैंडलबार की पोजिशन नीचे रखी गई है, जिससे राइडर को ज्यादा स्पोर्टी राइडिंग पोजिशन मिलेगी. कंपनी ने इसे रेड लाइन, टीटी ब्लू और मास्टर क्लीन जैसे 3 कलर ऑप्शन में पेश किया है. (Photo: ITG)
रॉयल एनफील्ड ने अपने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड Flying Flea के तहत नई S6 Scrambler को भी पेश किया है. यह बाइक कंपनी की City+ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कॉन्सेप्ट को आगे बढ़ाती है. इसका मतलब है कि, इलेक्ट्रिक बाइक केवल सिटी राइड तक ही सिमित न रहें, बल्कि इनका इस्तेमाल एडवेंचर के लिए भी किया जाए. (Photo: ITG)
Flying Flea S6 को कंपनी के C6 मॉडल के लाइट और फ्लेक्सिबल प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसमें हाई-टॉर्क इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है. साथ ही इसमें एंड्यूरो स्टाइल सीट मिलती है, जो इसे एक अलग स्क्रैम्बलर लुक देती है. कंपनी के मुताबिक, इसे शहर के ट्रैफिक में चलाने के साथ-साथ खराब रास्तों पर भी आसानी से दौड़ाया जा सकता है. (Photo: ITG)
इस इलेक्ट्रिक बाइक में राउंड टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है, जो Fleaware.OS पर काम करता है. इसके अलावा इसमें कई राइडिंग मोड और राइडर असिस्ट फीचर्स मिलेंगे. इसकी खास बात एक नया ऑफ-रोड मोड है, जिसे पहली बार पेश किया गया है. Flying Flea S6 को डार्ट येलो और लाइटनिंग ग्रे सहित दो कलर ऑप्शन में पेश किया गया है. कंपनी इसे 2027 की गर्मियों में लॉन्च करेगी. (Photo: ITG)
नई मोटरसाइकिलों के अलावा रॉयल एनफील्ड ने कस्टम मोटरसाइकिल कल्चर को भी खास जगह दी है. कंपनी ने मशहूर कस्टम मोटरसाइकिल ब्रांड Deus Ex Machina के साथ मिलकर Shotgun 650 का एक खास कस्टम एडिशन पेश किया है. कंपनी ने अपने इस ख़ास कस्टम मॉडल को 'सन ऑफ गन' नाम दिया है. (Photo: ITG)
इस मोटरसाइकिल को खास तौर पर तैयार किया गया है. इसमें डार्क रेड, क्रीम और गोल्ड कलर का कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है. इसके अलावा फ्यूल टैंक पर खास ग्राफिक्स, पियानो ब्लैक फिनिश वाले 650 ट्विन इंजन कवर, कंट्रास्ट कट अलॉय व्हील्स और ब्राउन लेदर सीट दी गई है. सीट पर Deus की खास ब्रांडिंग भी देखने को मिलती है. (Photo: ITG)
कंपनी इस कस्टम बाइक की केवल 100 यूनिट तैयार करेगी. यानी दुनियाभर में इसके सिर्फ 100 ग्राहक ही इसे खरीद सकेंगे. खास बात यह है कि हर बाइक के साथ रॉयल एनफील्ड और Deus की ओर से तैयार की गई लिमिटेड एडिशन जैकेट भी मिलेगी. इस जैकेट में बाइक के कलर से मेल खाती खास डिजाइन और हेरिटेज स्टाइल टाइपोग्राफी दी गई है. (Photo: ITG)
रॉयल एनफील्ड ने EICMA 2026 में अपनी नई 1901 एपेरियल कलेक्शन भी पेश किया है. इस कलेक्शन में कंपनी की नई ब्रांडिंग दी गई है. जो आने वाले समय में दुनियाभर के शोरूम, डीलरशिप और प्रोडक्ट्स में लागू किया जाएगा. इस कलेक्शन में कंपनी ने अपने नए डिजाइन वाले Cannon Motif को शामिल किया है. इसके तहत प्रीमियम फिटिंग वाले कपड़े और कुछ खास लिमिटेड एडिशन प्रोडक्ट्स पेश किए गए हैं. (Photo: ITG)