सोमवार को मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज पर हेलीकॉप्टर से उतरते समय US की सेकंड लेडी उषा वेंस का पैर लड़खड़ा गया. वो गिरते गिरते बचीं. उस समय उन्होंने अपने नौ हफ़्ते के बेटे एलेक नील वेंस को गोद में ले रखा था. लेकिन हैरानी की बात यह है कि उनसे कुछ ही फीट की दूरी पर खड़े किसी सिक्योरिटी ऑफिसर ने उनकी मदद तक नहीं की. वे अपने स्थान से हिले तक नहीं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिख रहा है कि जब एलेक बेबी कैरियर से उनसे बंधा हुआ था, तब हेलीकॉप्टर की सीढ़ियों के आखिर में उनका पैर फिसल गया. उन्होंने तुरंत रेलिंग पकड़कर अपना संतुलन बनाया और खुद को संभाला, फिर बच्चे को देखा देखा.
इस घटना ने ऑनलाइन लोगों का ध्यान खींचा है. कुछ यूज़र्स सवाल उठा रहे हैं कि उषा के लड़खड़ाने के बाद पास खड़े लोग मदद के लिए आगे क्यों नहीं आए. हालांकि वीडियो से यह साफ नहीं होता कि उन्होंने दखल क्यों नहीं दिया या क्या इसमें कोई सुरक्षा प्रोटोकॉल शामिल था.
उप-राष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस अपनी चार साल की बेटी मिराबेल को गोद में लिए उनके पीछे-पीछे हेलिकॉप्टर से उतर. ऐसा लगा कि उन्होंने यह घटना नहीं देखी और सीढ़ियों के नीचे उषा और अपने बच्चों के साथ मिल गए. इसके बाद ये फैमिली एक साथ उस विमान की ओर बढ़ी जो उन्हें एंकरेज ले जाने वाला था.
यूएसए टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार यह तब हुआ जब वेन्स मिड-टर्म चुनाव से पहले प्रचार यात्रा के लिए अलास्का जा रहे थे. उन्हें रिपब्लिकन सीनेटर डैन सुलिवान के समर्थन में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की एक रैली को संबोधित करना था; सुलिवान का मुकाबला डेमोक्रेट मैरी पेल्टोला से था.
एयर फ़ोर्स टू में सवार होने से पहले वेंस ने कहा कि उषा और उनके कुछ बच्चे भी उनके साथ जाएंगे. उन्होंने बताया कि इस यात्रा के साथ ही उषा अमेरिका के सभी 50 राज्यों की यात्रा पूरी कर लेंगी. उन्होंने यह भी बताया कि वे 7.5 घंटे की इस यात्रा के लिए अपने नौ हफ़्ते के बच्चे को भी साथ ले जा रहे हैं.
वेंस परिवार में 19 जुलाई को मैरीलैंड के बेथेस्डा में वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में एलेक का जन्म हुआ था. एलेक उनका चौथा बच्चा है और वह अपने भाई-बहनों इवान (9), विवेक (6) और मिराबेल (4) के साथ शामिल हो गया है.