ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में करोड़ों रुपए के गबन के मामले में सोमवार को किसानों ने पंचायत की. यह पंचायत बैंक के सामने ही आयोजित की गई. किसान नेता बृजेश भाटी ने इस पंचायत की अगुवाई की. इस पंचायत में पंजाब नेशनल बैंक के पीड़ित खाता धारक और समाज सेवी भी शामिल हुए.
किसान नेता बृजेश भाटी ने बताया कि 2 नवंबर सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक, ऐच्छर पीआई-1 पर बैंक घोटाले एवं पीड़ितों को न्याय दिलाने के संबंध में एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों के द्वारा अभी कुछ ही लोगों के पैसे वापस दिए गए हैं लेकिन बाकी खाताधारक परेशान घूम रहे हैं. त्योहारों का समय आ रहा है और बिना पैसों के लोग कैसे अपना त्यौहार मनाएंगे, जबकि बैंक ने कहा था कि धीरे-धीरे करके सबके पैसे वापस आ जाएंगे.
उन्होंने आगे कहा कि जो भी बैंक कर्मी इस घोटाले में शामिल है उन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. केवल छोटे कर्मचारियों को मोहरा नहीं बनना चाहिए. अगर इस मामले में सही से सुनवाई नहीं होती है तो हम दिल्ली के लिए कूच करेंगे और पंजाब नेशनल बैंक के हेड ऑफिस पर जाकर धरना देंगे.
धरने पर बैठे हुए लोग बैंक के अंदर भी चले गए और उनके द्वारा वहां जाकर भी नारेबाजी की गई. हालांकि, इस पूरे प्रकरण को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही. उधर, इस मामले में पुलिस का कहना है कि 16 लोगों के अब तक पैसे वापस आ चुके हैं. अब पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है.
पुलिस अधिकारी में मौके पर पहुंचकर किसानों को शांतिपूर्ण तरीके से समझाया कि खाता धारकों का पैसा आना धीरे-धीरे शुरू हो गया है. बैंक की प्रक्रिया होती है जिसके बाद पैसा आता है और वह प्रक्रिया चल रही है. सभी का पैसा वापस आ जाएगा. बैंक प्रबंधन भी सभी लोगों को पूरा भरोसा दे चुका है कि आप सभी के पैसे ब्याज सहित वापस आएंगे. किसी भी खाता धारक को घबराने की जरूरत नहीं है.