scorecardresearch
 

Beat Report: ट्रंप की बात क्यों नहीं मान रहे नेतन्याहू? मिडिल ईस्ट में क्या बड़ा खेल खेल रहा इजरायल

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सलाह से अलग रास्ते पर चल रहे हैं. लेबनान में जारी सैन्य कार्रवाई के बीच इजरायल की रणनीति को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. आखिर इसके पीछे क्या बड़ा प्लान है, समझिए इस रिपोर्ट में.

Advertisement
X
डोनाल्ड ट्रंप की अपीलों के बावजूद इजरायल ने लेबनान में तेज किए हमले. (Photo: ITG)
डोनाल्ड ट्रंप की अपीलों के बावजूद इजरायल ने लेबनान में तेज किए हमले. (Photo: ITG)

मिडिल ईस्ट में पिछले करीब 100 दिनों से तनाव जारी है. ऐसे में एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सलाह को नजरअंदाज कर रहे हैं? या फिर इजरायल किसी बड़ी रणनीति पर काम कर रहा है. ट्रंप जहां क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिश में दिख रहे हैं, वहीं इजरायल ने लेबनान में अपने सैन्य अभियान को धीमा करने के बजाय और तेज कर दिया है. ऐसे में चर्चा सिर्फ दोनों नेताओं के मतभेद की नहीं, बल्कि इजरायल की उस बड़ी रणनीति की भी हो रही है जिसके तहत वह हिजबुल्लाह और ईरान के असर को कमजोर करना चाहता है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल को कई बार टोका था कि वह ऐसी सैन्य कार्रवाई न करे जिससे पूरे इलाके में बड़ा युद्ध छिड़ जाए. इसके बावजूद नेतन्याहू ने बेरूत तथा दक्षिणी लेबनान में हमलों का दायरा और बढ़ा दिया. इजरायल के इस बढ़ते एक्शन ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रही कूटनीतिक बातचीत को भी फंसा दिया है. इजरायल के सैन्य अभियानों से नाराज होकर तेहरान ने वाशिंगटन के साथ चल रही अपनी चर्चा को पूरी तरह सस्पेंड कर दिया है.

लेबनान में कार्रवाई क्यों नहीं रोक रहा इजरायल?

इजरायल लंबे समय से कहता रहा है कि उसकी उत्तरी सीमा पर मौजूद हिजबुल्लाह उसके लिए बड़ा सुरक्षा खतरा है. इजरायली अधिकारियों का मानना है कि जब तक हिजबुल्लाह सीमा के पास अपनी सैन्य मौजूदगी बनाए रखेगा, तब तक वहां रहने वाले लोग सामान्य जीवन नहीं जी पाएंगे. यही वजह है कि इजरायल सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि एक स्थायी सुरक्षा व्यवस्था बनाने की कोशिश में है.

Advertisement

इजरायल की रणनीति का एक हिस्सा यह भी माना जा रहा है कि हिजबुल्लाह को सीमा से पीछे धकेला जाए, खासकर लितानी नदी के पार. इससे उत्तरी इजरायल में रहने वाले लोगों के लिए खतरा कम करने की कोशिश की जा रही है.

हिजबुल्लाह की ताकत कमजोर करना भी लक्ष्य

इजरायल की सैन्य कार्रवाई का दूसरा बड़ा मकसद हिजबुल्लाह की ताकत को कमजोर करना बताया जा रहा है. इजरायली रणनीतिकारों का मानना है कि लगातार दबाव बनाकर मिसाइल भंडार, कमांड सेंटर और सैन्य ढांचे को नुकसान पहुंचाया जा सकता है. उनका तर्क है कि अगर अभी हिजबुल्लाह की क्षमता कम की गई, तो भविष्य में बड़े संघर्ष का खतरा घट सकता है. ऐसे में इजरायल के लिए यह सिर्फ मौजूदा हमलों का जवाब नहीं, बल्कि आने वाले समय के लिए सैन्य संतुलन अपने पक्ष में करने की कोशिश भी मानी जा रही है.

कुछ विश्लेषकों का मानना है कि इजरायल सैन्य बढ़त को भविष्य की बातचीत में दबाव के तौर पर भी इस्तेमाल करना चाहता है. माना जा रहा है कि किसी स्थायी युद्धविराम से पहले इजरायल हिजबुल्लाह की तैनाती, हथियारों की आवाजाही और सैन्य गतिविधियों पर सख्त शर्तें चाहता है.

ईरान को भी देना चाहता है संदेश

इजरायल की कार्रवाई को सिर्फ लेबनान तक सीमित नहीं माना जा रहा है. हिजबुल्लाह को ईरान समर्थित संगठन माना जाता है, इसलिए इजरायल इस अभियान के जरिए तेहरान को भी संदेश देना चाहता है कि उसके सहयोगी समूहों के जरिए होने वाले हमलों की कीमत चुकानी पड़ेगी.

Advertisement

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इजरायल अपनी रणनीति पूरी कर पाएगा या फिर यह तनाव पूरे क्षेत्र को किसी बड़े संकट में धकेल देगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement