scorecardresearch
 

'बिना सरेंडर कोई समझौता नहीं', ट्रंप ने ईरान को दे दी नई धमकी, कहा- अभी तो हमले शुरू हुए हैं

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि तेहरान के साथ कोई समझौता तभी होगा जब वह 'बिना शर्त आत्मसमर्पण' करे. वहीं ईरान ने संकेत दिया है कि कुछ देश युद्ध खत्म कराने के लिए मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं. इसके बावजूद क्षेत्र में सैन्य अभियान तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.

Advertisement
X
ट्रंप ने ईरान को दे दी नई धमकी (Photo:Reuters)
ट्रंप ने ईरान को दे दी नई धमकी (Photo:Reuters)

मिडिल ईस्ट में ईरान से जारी युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अपना रुख और सख्त कर दिया है. ट्रंप ने स्पष्ट कहा है कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव होगा जब तेहरान “बिना शर्त आत्मसमर्पण” करे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब तक ईरान पूरी तरह झुक नहीं जाता, तब तक किसी भी कूटनीतिक रास्ते की गुंजाइश नहीं है.

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि यदि ईरान आत्मसमर्पण करता है और वहां 'स्वीकार्य और मजबूत नेतृत्व' का चयन होता है, तो अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान की अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने में मदद करेंगे. उन्होंने अपने प्रसिद्ध नारे की तर्ज पर कहा कि 'ईरान का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है, 'मेक ईरान ग्रेट अगेन.'

यह बयान ऐसे समय आया है जब करीब एक सप्ताह पहले अमेरिका और इज़रायल ने ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले शुरू किए थे. इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे खाड़ी क्षेत्र के कई देश इस संघर्ष की चपेट में आ गए. इस टकराव के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ गया है और हालात क्षेत्रीय युद्ध की स्थिति तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement

ट्रंप ने एक इंटरव्यू में यह भी संकेत दिया कि वह ईरान के राजनीतिक भविष्य को तय करने में सीधे भूमिका निभाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि जैसे वेनेजुएला के मामले में उन्होंने नेतृत्व परिवर्तन की बात की थी, वैसे ही ईरान में भी नए नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया में उनकी दिलचस्पी है. इसी दौरान उन्होंने ईरान के मारे जा चुके सुप्रीम लीडर खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि उनके जैसे 'हल्के नेता' का इस्लामिक गणराज्य का नेतृत्व करना स्वीकार्य नहीं होगा.

हालांकि दूसरी ओर ईरान की तरफ से संकेत दिया गया है कि कूटनीति के लिए अभी भी गुंजाइश बनी हुई है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने कहा कि कुछ देशों ने युद्ध समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता की कोशिशें शुरू कर दी हैं. हालांकि उन्होंने इन देशों के नाम स्पष्ट नहीं किए.

सूत्रों के अनुसार कतर, तुर्की, मिस्र और ओमान जैसे देशों ने इस संघर्ष को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की है. पेज़ेशकियन ने कहा कि ईरान क्षेत्र में स्थायी शांति का समर्थक है, लेकिन वह अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं करेगा.

इसी बीच क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां लगातार जारी हैं. इज़रायली डिफेंस फोर्सेज ने संकेत दिया है कि ईरान के खिलाफ उनका अभियान अब 'नए चरण' में प्रवेश कर रहा है और आगे भी हमले तेज हो सकते हैं. वहीं अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई अभी शुरू ही हुई है और आने वाले दिनों में हमले और तेज किए जाएंगे.

Advertisement


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement