scorecardresearch
 

स्पेन में भीषण ट्रेन हादसे के बाद परिवहन मंत्री का इस्तीफा, 69 लोगों की हुई थी मौत

स्पेन में इस साल दो भीषण हाई-स्पीड रेल हादसों में कुल 115 लोगों की मौत हुई है, जिससे देश के रेल सुरक्षा नेटवर्क पर गंभीर सवाल उठे हैं. 28 अक्टूबर को मैड्रिड के दक्षिण में दो ट्रेनों की टक्कर में 69 लोगों की जान गई थी.

Advertisement
X
स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों में भीषण टक्कर में 115 लोगों की मौत हुई थी
स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों में भीषण टक्कर में 115 लोगों की मौत हुई थी

स्पेन में भीषण रेल हादसे के छह दिन बाद परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. राजधानी मैड्रिड के दक्षिण में 28 अक्टूबर को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 69 लोगों की मौत हो गई थी. यह इस साल स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर हुआ दूसरा बड़ा हादसा था. लगातार दो भीषण दुर्घटनाओं के बाद रेल सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच परिवहन मंत्री ने इस्तीफे का फैसला किया है.

जानकारी के मुताबिक, परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने मंगलवार को संसद में कई घंटों तक चली सुनवाई के बाद अपने पद से हटने की घोषणा की. इस दौरान उन्होंने सांसदों के सामने रेल हादसे से जुड़ी परिस्थितियों और सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी. पुएंते ने सांसदों से कहा, 'स्पेन जैसे देश में कोई परिवहन मंत्री एक साल से भी कम समय में दो दुर्घटनाओं के बाद अपने पद पर बना नहीं रह सकता. यह राजनीतिक गरिमा, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता का सवाल है.'

कैसे हुआ था 69 लोगों की जान लेने वाला हादसा?

स्पेन में 28 अक्टूबर को मैड्रिड के दक्षिण में एक हाई-स्पीड ट्रेन ने पटरी पर खड़ी दूसरी ट्रेन को टक्कर मार दी थी. इस दुर्घटना में 69 लोगों की मौत हो गई थी. जानकारी के मुताबिक, हादसे की शुरुआत मैड्रिड-सेविले रेल मार्ग पर कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी आने से हुई थी. यह सिस्टम ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था के संचालन में जरूरी भूमिका निभाती है. कम्यूनिकेशन ठप होने के बाद मैड्रिड स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष ने ट्रेनों के संचालन की जिम्मेदारी संभाली. नियंत्रण कक्ष से एक ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई, जबकि उसी पटरी पर आगे दूसरी ट्रेन खड़ी थी. इसके बाद तेज रफ्तार ट्रेन खड़ी ट्रेन से टकरा गई और भीषण हादसा हो गया.

Advertisement

जनवरी में भी 46 लोगों की हुई थी मौत

इससे पहले जनवरी में भी मैड्रिड-सेविले हाई-स्पीड रेल मार्ग पर एक बड़ा हादसा हुआ था. यह हादसा अक्टूबर में हुए हादसे की जगह से लगभग दो घंटे से अधिक की दूरी पर दक्षिण की ओर हुआ था. उस दौरान एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी. इस हादसे में 46 लोगों की मौत हो गई थी. जनवरी में हुई दुर्घटना की जांच अभी भी जारी है.

एक ही साल में दो बड़े रेल हादसों में कुल 115 लोगों की मौत ने स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अक्टूबर का हादसा देश में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से महज चार सप्ताह पहले हुआ था.

दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क

स्पेन का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क है. इसे देश की प्रमुख तकनीकी और बुनियादी ढांचागत उपलब्धियों में गिना जाता है. तीन दशक से अधिक समय पहले हाई-स्पीड रेल सेवाएं शुरू होने के बाद इस साल तक इस नेटवर्क पर कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ था. लेकिन जनवरी और अक्टूबर में हुई दो बड़ी दुर्घटनाओं ने इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

इस्तीफे की घोषणा से पहले मंगलवार को परिवहन मंत्री ने रेल नेटवर्क की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई नए उपायों की जानकारी भी दी. इनमें रेलवे नियंत्रण केंद्रों की कार्य परिस्थितियों में सुधार करना और यूरोपीय रेल यातायात प्रबंधन प्रणाली (ERTMS) को तेजी से लागू करना शामिल है. यह प्रणाली ट्रेनों के संचालन, सिग्नलिंग और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए विकसित की गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement