सऊदी अरब में दो दिन के अंदर दो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों ने पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है. राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दक्षिणी सऊदी के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हुए हैं. सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन यानी GACA ने बुधवार देर रात इसकी पुष्टि की. अथॉरिटी के मुताबिक, दोनों हमले मंगलवार और बुधवार को हुए और इनमें एयरपोर्ट की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है.
पहला हमला मंगलवार को आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ. यह एयरपोर्ट असीर प्रांत में है. यहां मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिला नागरिकों की मौत हो गई. हमले में 28 लोग घायल हुए, जिनमें सऊदी नागरिकों के अलावा बांग्लादेश और फिलीपींस के नागरिक भी शामिल हैं. घायलों की हालत मामूली से लेकर गंभीर तक बताई गई है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तानी सेना सऊदी अरब में ग्राउंड पर मौजूद', हूती हमलों के बीच PAK का कबूलनामा!
दूसरा हमला बुधवार को राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ. यहां सूडान के एक नागरिक की मौत हुई और 8 लोग घायल हुए. घायलों में 5 सऊदी नागरिक, 2 मिस्र के नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है. सऊदी विमानन प्राधिकरण के मुताबिक, दोनों हमलों के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
हूतियों ने ली हमलों की जिम्मेदारी
यमन के हूती विद्रोहियों ने दोनों एयरपोर्ट पर हमलों की जिम्मेदारी ली है. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कई ड्रोन से निशाना बनाया गया. उन्होंने आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और खमीस मुशैत एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले का भी दावा किया. हूतियों ने कहा कि उनके हमलों से एयर ट्रैफिक प्रभावित हुआ. हालांकि, हूतियों की तरफ से किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
उधर, सऊदी-लेड गठबंधन ने रियाद की तरफ आ रही हूती बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराने का दावा किया. गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मालिकी के मुताबिक, मिसाइल को रियाद के उत्तर में इंटरसेप्ट किया गया. इसके बाद गठबंधन ने उस लॉन्च प्लेटफॉर्म को भी तबाह करने का दावा किया, जिसका इस्तेमाल रियाद पर हमले के लिए किया गया था. यह लॉन्च प्लेटफॉर्म यमन की राजधानी सना में था. इसके अलावा गठबंधन ने खमीस मुशैत की तरफ दागी गई एक अन्य बैलिस्टिक मिसाइल को भी इंटरसेप्ट कर नष्ट करने की जानकारी दी.
हूती-सऊदी और यमन सरकार के बीच छिड़ी है जंग!
पिछले कुछ समय से यमन में हूतियों और सऊदी समर्थित यमनी सरकार के बीच लड़ाई फिर तेज हो गई है. सऊदी समर्थित यमनी सरकारी बलों ने लाल सागर के तटीय इलाकों और बाब अल-मंदेब के आसपास हूतियों के कब्जे वाले इलाकों को वापस लेने के लिए अभियान तेज किया है. मोचा और उसके आसपास के इलाकों में भी लड़ाई तेज हुई है. इसके जवाब में हूतियों ने सऊदी अरब के अंदर एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है.
यह भी पढ़ें: हूती हमलों के बाद पहली बार एक्टिव हुआ मक्का डिफेंस पैक्ट, सऊदी में तैनात होंगी तुर्की-PAK की सेनाएं
हूतियों ने इससे पहले एयरलाइंस को भी सऊदी हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी थी. इस पूरे घटनाक्रम के बीच सऊदी अरब में एयर ट्रैफिक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. एयरपोर्ट पर हुए हमलों के बाद GACA ने कहा है कि वह संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रहा है और यात्रियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों तथा नागरिक उड्डयन व्यवस्था की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.