scorecardresearch
 

यूक्रेन के 6 ठिकानों पर रूसी हमले, जेलेंस्की बोले- नहीं माना ट्रंप का प्रस्ताव

रविवार को ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच एनर्जी सीजफायर की घोषणा की थी, लेकिन सोमवार को जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन में कम से कम छह ऊर्जा ठिकानों पर हमला किया. उन्होंने कहा कि रूस एनर्जी सीजफायर में दिलचस्पी नहीं रखता.

Advertisement
X
रूस-यूक्रेन एनर्जी सीजफायर पर संकट, जेलेंस्की बोले- रूस ने 6 ऊर्जा ठिकानों पर किया हमला.(Representational)
रूस-यूक्रेन एनर्जी सीजफायर पर संकट, जेलेंस्की बोले- रूस ने 6 ऊर्जा ठिकानों पर किया हमला.(Representational)

रविवार को ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच एनर्जी सीजफायर की घोषणा की थी. इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि रूस ने रात और सुबह यूक्रेन में किए गए हवाई हमलों के दौरान कम से कम छह ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया. उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि मॉस्को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से घोषित एनर्जी युद्धविराम में कोई दिलचस्पी नहीं रखता.

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, 'यह लगातार स्पष्ट होता जा रहा है कि रूस अमेरिका की ओर से प्रस्तावित ऊर्जा युद्धविराम को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है और हमारे लोगों और समुदायों के खिलाफ अपने आतंकी हवाई हमले जारी रखना चाहता है.' उन्होंने कहा, 'ऐसा तब होता है जब रूस को अपने युद्ध तंत्र के लिए ज्यादा कमाई की संभावना दिखाई देती है.'

जेलेंस्की ने पोलैंड में एक सम्मेलन में वीडियो लिंक के जरिए दिए गए बयान में बताया कि रूस ने जिन ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया, उनमें एक गैस सुविधा और एक पेट्रोल स्टेशन भी शामिल हैं. दोनों को रूसी ड्रोन से निशाना बनाया गया.

ट्रंप ने किया था ऊर्जा युद्धविराम का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि यूक्रेन और रूस एक-दूसरे की एनर्जी सिस्टम पर हमला नहीं करने पर सहमत हुए हैं. यह घोषणा अगले महीने होने वाले अमेरिकी मिड टर्म चुनाव से पहले बढ़ती ऊर्जा कीमतों के दबाव के बीच की गई थी. ट्रंप ने कथित ऊर्जा युद्धविराम की घोषणा रूस से डीजल खरीदने के समझौते की जानकारी देने के कुछ दिनों बाद की. जेलेंस्की ने इस समझौते की आलोचना की है और इसे रूस की अर्थव्यवस्था को अलग-थलग करने की वर्षों पुरानी पश्चिमी नीति से पीछे हटने के तौर पर बताया है.

Advertisement

यूरोपीय देशों ने भी जताया संदेह

यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों ने सोमवार को ऐसे किसी भी समझौते को लेकर संदेह जताया. उन्होंने यूक्रेन के समर्थन में बात की और 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद यूरोपीय संघ के सबसे बड़े प्रतिबंध पैकेज को मंजूरी दी.

हमें युद्धविराम नहीं चाहिए

हाल के महीनों में यूक्रेन ने रूस की तेल रिफाइनरियों और लॉजिस्टिक्स को लंबी दूरी के हमलों से निशाना बनाया है. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रात में रूस की किसी रिफाइनरी पर हमला नहीं किया और अगर रूस भी इसका पालन करता है तो यूक्रेन ऊर्जा युद्धविराम के लिए तैयार है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर मॉस्को 60 दिनों के पूर्ण युद्धविराम पर सहमत होता है, तो युद्ध के दौरान निलंबित किए गए यूक्रेन के चुनाव कराए जा सकते हैं.

वहीं, रूस ने कहा कि संभावित एनर्जी युद्धविराम को लेकर बातचीत जारी है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि आगे की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी. हालांकि, उन्होंने जेलेंस्की के 60 दिनों के पूर्ण युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज कर दिया.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement