पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग हिंसा के साए में हुई. मतदान के दिन पोलिंग बूथों पर जमकर खूनी बवाल हुआ. अंधाधुंध फायरिंग में एक शख्स ने दम तोड़ दिया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. इस घटना के बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने नवाज शरीफ की पार्टी PML-N पर अपने कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगाया. आरोप-प्रत्यारोप के बीच बिलावल भुट्टो ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए.
PPP ने बयान जारी कर कहा कि उसके कार्यकर्ता मुख्तार यूनुस की मौत PML-N उम्मीदवारों की फायरिंग में हुई. पार्टी का दावा है कि इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. इसके बाद पार्टी ने चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. घटना के बाद पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो ने सोशल मीडिया पर दुख जताया. उन्होंने पूछा कि संबंधित अधिकारी कहां हैं और चुनाव आयोग क्या कर रहा है. PPP का आरोप है कि चुनाव के दौरान निष्पक्ष माहौल नहीं बनाया गया.
दोनों दलों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सिर्फ फायरिंग ही नहीं, कई सीटों पर धांधली के आरोप भी लगे. PPP और PML-N ने एक-दूसरे पर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया. कुछ मतदान केंद्रों पर समर्थकों के बीच कहासुनी और झड़प के कारण मतदान भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ.
PoK की विधानसभा के चुनाव 27 जुलाई से 10 अगस्त तक तीन चरणों में कराए जा रहे हैं. कुल 53 सीटों वाली विधानसभा में 45 सीटों पर सीधे मतदान होता है, जबकि 8 सीटें महिलाओं, तकनीकी विशेषज्ञों और धर्मगुरुओं के लिए आरक्षित हैं.
PTI ने किया चुनाव का बहिष्कार
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने चुनाव का बहिष्कार किया है. वहीं, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है. PTI का दावा है कि पिछले महीने JAAC के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
भारत लगातार कहता रहा है कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा किए हुए है. हाल में PoK में हुए प्रदर्शनों को लेकर भी भारत ने पाकिस्तान पर दमन और शोषण के आरोप लगाए थे.