इस्लामाबाद टॉक्स फेल हो गया है. जितनी जल्दी ये वार्ता फेल हुई उतनी ही जल्दी पाकिस्तान पुरानी की मुश्किलें सिर उठाकर खड़ी हो गईं. पाकिस्तान में आतंकवादियों ने पोलियो ड्रॉप्स पिलाने जा रही टीम पर हमला कर दिया, इसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि 4 जख्मी हो गए. इस हमले में दो आतंकी भी मारे गए हैं.
पाकिस्तान की दूसरी समस्या हमेशा चलते रहने वाले कर्जे की है. ईरान वॉर के बहाने वार्ता के दौरान अमेरिका की जीभर कर चापलूसी करने के बाद पाकिस्तान के वित्त मंत्री कर्जे का कटोरा लेकर अब वाशिंगटन पहुंच गए हैं.
पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब वाशिंगटन पहुंचे हैं. यहां पर 13 से 18 अप्रैल तक आईएमएफ और विश्व बैंक की स्प्रिंग मीटिंग्स चल रही हैं. औरंगजेब आईएमएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर पाकिस्तान के लंबित कर्जे, रिफॉर्म एजेंडे, आर्थिक स्थिरता और सस्टेनेबल ग्रोथ पर चर्चा करेंगे. ग्लोबल संघर्षों के कारण तेल-गैस बाजार में अस्थिरता और कमोडिटी कीमतों में उछाल आया है, जिसका पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है.
पाकिस्तान ने IMF से लगभग 7.29 बिलियन डॉलर का कर्ज लिया है. ये कर्जे पाकिस्तान IMF के Extended Fund Facility प्रोग्राम के तहत है. बाहरी कर्ज का लगभग 75% सस्ते ब्याज वाले और लंबी अवधि का है.
पाकिस्तान से हाल ही में UAE ने अपने कर्जे मांग लिए थे. जिससे पाकिस्तान की मुश्किल बढ़ गई है.
अपनी यात्रा के दौरान पाकिस्तान के वित्त मंत्री IMF और विश्व बैंक समूह द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे.
इस यात्रा के दौरान वह IMF के वरिष्ठ नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे, जिसमें प्रथम उप प्रबंध निदेशक डैन कैट्ज़, उप प्रबंध निदेशक नाइजेल क्लार्क और मध्य पूर्व तथा मध्य एशिया विभाग के निदेशक जिहाद अज़ौर शामिल हैं.
पोलियो टीम पर अटैक
पाकिस्तान ने 13 से 19 अप्रैल तक पूरे देश में पोलियो अभियान चलाया है. ये अभियान शुरू होने ही जा रहा था कि आतंकियों ने पोलियो टीम पर हमला कर दिया. इस हमले में पोलियो टीम को सुरक्षा दे रहा एक एक जवान मारा गया है. हमला तब हुआ जब सुरक्षा मुहैया कराने जा रहे पुलिसकर्मियों पर अचानक आतंकवादियों ने गोलीबारी कर दी.
इस हमले में चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और दो आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया, हालांकि आतंकियों ने अपने साथियों के शव को साथ ले जाने में सफलता पाई है.
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी ने इसे "कायरतापूर्ण कृत्य" बताया और पुलिसकर्मी के परिवार को हर संभव मदद का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि आतंकवादी मनोबल नहीं तोड़ सकते और पोलियो अभियान सामान्य रूप से जारी रहेगा.