scorecardresearch
 

पाकिस्तान ने जारी किया NOTAM, भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस बैन 23 अगस्त तक बढ़ाया

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई क्षेत्र को लेकर जारी प्रतिबंध फिलहाल खत्म होता नहीं दिख रहा है. पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस पर लगी पाबंदी को 23 अगस्त तक बढ़ा दिया है. इसके जवाब में भारत भी पाकिस्तानी विमानों पर प्रतिबंध जारी रखे हुए है.

Advertisement
X
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस के इस्तेमाल पर लगी पाबंदी 23 अगस्त तक बढ़ाई. (File Photo)
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस के इस्तेमाल पर लगी पाबंदी 23 अगस्त तक बढ़ाई. (File Photo)

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) पर लगी पाबंदी को एक बार फिर बढ़ा दिया है. पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) ने शनिवार को जारी नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) में कहा कि भारतीय पंजीकरण वाले सभी विमान, भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमान और सैन्य उड़ानें 23 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगी.

यह फैसला पहले से लागू प्रतिबंध की अवधि 24 जुलाई को समाप्त होने से पहले लिया गया है. नई अधिसूचना के अनुसार यह प्रतिबंध पाकिस्तान के दोनों फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन (FIR)- कराची और लाहौर पर लागू रहेगा. भारत और पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक-दूसरे के विमानों के लिए अपना-अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था. इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी.

यह भी पढ़ें: 'हालात और न बिगाड़ें, MoU का पालन करें', पाकिस्तान-कुवैत की अमेरिका और ईरान से अपील

इसके बाद दोनों देशों ने सुरक्षा और कूटनीतिक कदमों के तहत एक-दूसरे की एयरलाइंस और सैन्य विमानों पर प्रतिबंध लगा दिया था. पाकिस्तान ने तब से हर महीने इस प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई है. लगातार बढ़ रहे इस एयरस्पेस बैन का असर दोनों देशों की विमानन सेवाओं पर पड़ रहा है. भारतीय एयरलाइंस को कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे उड़ान का समय बढ़ रहा है और परिचालन लागत भी अधिक हो रही है.

Advertisement

वहीं यात्रियों को भी अधिक यात्रा समय और संभावित किराया वृद्धि जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दूसरी ओर, भारत ने भी पाकिस्तान के खिलाफ समान (रिसिप्रोकल) कदम उठाते हुए पाकिस्तानी पंजीकरण वाले सभी विमानों, पाकिस्तान की एयरलाइंस और सैन्य उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद रखा है. ऐसे में दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क पर लगी पाबंदियां अभी भी बरकरार हैं और निकट भविष्य में इनके हटने के कोई संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement