scorecardresearch
 

पाकिस्तान में HIV का कहर, सीरिंज दोबारा इस्तेमाल से 300 से ज्यादा बच्चे हुए संक्रमित

पाकिस्तान में तेजी से बढ़ते HIV मामलों को लेकर चिंता बढ़ गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्लोबल फंड की एक टीम देश का दौरा कर स्थिति की जांच कर सकती है. इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने ड्रग रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ पाकिस्तान और कॉमन मैनेजमेंट यूनिट को निर्देश दिया है कि वे HIV संक्रमण को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था तैयार करें.

Advertisement
X
जांच के लिए ग्लोबल फंड टीम के दौरे की संभावना जताई जा रही है (Photo: Representative/ Pixels)
जांच के लिए ग्लोबल फंड टीम के दौरे की संभावना जताई जा रही है (Photo: Representative/ Pixels)

पाकिस्तान में HIV यानी एड्स के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और सबसे चिंताजनक बात यह है कि इनमें बड़ी संख्या में बच्चे हैं. एक शहर तौंसा में 300 से ज्यादा बच्चे HIV से संक्रमित पाए गए हैं. वजह बताई जा रही है कि एक ही सीरिंज को बार बार इस्तेमाल किया जा रहा था. अब ग्लोबल फंड नाम की एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्था की टीम पाकिस्तान आकर इस पूरे मामले की जांच कर सकती है. पाकिस्तान की स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी इसे रोकने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.

पाकिस्तान के तौंसा शहर में 300 से ज्यादा बच्चों में HIV पाया गया. यह संख्या बहुत बड़ी और बेहद चिंताजनक है क्योंकि आमतौर पर HIV बच्चों में इतनी बड़ी संख्या में नहीं मिलता. 

जांच में सामने आया कि वहां डॉक्टर एक ही सीरिंज को बार बार कई मरीजों पर इस्तेमाल कर रहे थे. इससे एक मरीज का खून दूसरे मरीज के शरीर में जा रहा था और HIV फैलता रहा.

इस्लामाबाद में भी हालात खराब

सिर्फ तौंसा ही नहीं बल्कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भी जनवरी 2025 से मार्च 2026 के बीच कम से कम 618 नए HIV मामले सामने आए हैं. यानी यह समस्या सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है.

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान की यूनिवर्सिटी पर पाकिस्तान का हमला, 4 लोगों की मौत, मासूम बच्चों समेत 70 घायल

Advertisement

पुराने जानकार ने क्या कहा?

पाकिस्तान के पूर्व स्वास्थ्य सहायक डॉ जफर मिर्जा ने पिछले हफ्ते इस मुद्दे पर बड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि HIV फैलने के दो सबसे बड़े कारण हैं. पहला, गंदी और पहले इस्तेमाल की हुई सीरिंज का दोबारा उपयोग. दूसरा, खून चढ़ाने से पहले उसकी ठीक से जांच न करना. उन्होंने कहा कि अगर खून देने से पहले यह नहीं देखा जाता कि वो खून HIV से संक्रमित तो नहीं है तो यह बहुत बड़ी गलती है.

ग्लोबल फंड क्या है और वो क्यों आ रहा है?

ग्लोबल फंड एक बहुत बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो दुनिया भर में HIV, टीबी और मलेरिया जैसी बीमारियों से लड़ने के लिए पैसा और मदद देती है. जब किसी देश में इन बीमारियों के मामले अचानक बढ़ते हैं या गलत तरीके से इन बीमारियों को संभाला जाता है तो ग्लोबल फंड अपनी टीम भेजकर जांच करती है.

पाकिस्तान में जिस तरह से HIV के मामले बढ़े हैं और जिस तरह से इसे संभाला गया है उससे ग्लोबल फंड नाराज है. इसीलिए उनकी एक टीम पाकिस्तान आकर पूरी जांच कर सकती है.

जानकारों का कहना है कि ग्लोबल फंड इस बार चाहता है कि बीमारियों को संभालने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी नेताओं या सरकारी अफसरों को नहीं बल्कि असली डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को दी जाए.

Advertisement

पाकिस्तान की सरकार ने क्या किया?

इस पूरे मामले के बाद पाकिस्तान की स्वास्थ्य मंत्रालय हरकत में आई है. उन्होंने दो बड़ी संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी है. पहली है DRAP यानी ड्रग रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ पाकिस्तान और दूसरी है CMU यानी कॉमन मैनेजमेंट यूनिट. इन दोनों को यह सोचकर बताना है कि सीरिंज का दोबारा इस्तेमाल कैसे रोका जाए और HIV को फैलने से कैसे बचाया जाए.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में हाफिज सईद के करीबी अफरीदी का काम तमाम, अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

यह इतना गंभीर क्यों है?

यह मामला इसलिए बहुत गंभीर है क्योंकि जो बच्चे संक्रमित हुए हैं उनका कोई कसूर नहीं था. वो इलाज के लिए गए थे और वहीं से उन्हें यह बीमारी मिल गई. यह सीधे तौर पर स्वास्थ्य व्यवस्था की बहुत बड़ी विफलता है. और अगर इसे जल्दी नहीं रोका गया तो यह और भी फैल सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement