scorecardresearch
 

भारत आ रहे नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष, PM मोदी से करेंगे मुलाकात

नेपाल की सत्ताधारी पार्टी आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने 5 जून तक भारत की यात्रा पर रहेंगे. जानकारी के मुताबिक वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे. उनके स्वागत की भारत में भव्य तैयारियां की जा रही हैं.

Advertisement
X
रवि लामिछाने का बीजेपी मुख्यालय में भव्य स्वागत किया जाएगा. (Photo: PTI)
रवि लामिछाने का बीजेपी मुख्यालय में भव्य स्वागत किया जाएगा. (Photo: PTI)

नेपाल के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर दो तिहाई के करीब बहुमत के साथ सरकार बनाने वाले राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने 1 से 5 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे. यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर हो रही है.

आरएसपी और बीजेपी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्तियों के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य दोनों दलों के बीच औपचारिक राजनीतिक संवाद शुरू करना, संगठनात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान करना और नेपाल-भारत संबंधों को और मजबूत बनाना है.

भारत पहुंचने पर रवि लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल का 2 जून सुबह 11 बजे बीजेपी मुख्यालय में भव्य स्वागत किया जाएगा. कार्यक्रम के तहत उनकी बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष बैठक होगी. बीजेपी के विदेश विभाग प्रमुख विजय चौथाईवाले के अनुसार नेपाल में सत्तारूढ़ दल आरएसपी और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह पहली मुलाकात होगी.

उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ हमारा विशेष संबंध होने के कारण इस भ्रमण का भी विशेष महत्व है. चौथाईवाले के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान दोनों दलों के बीच पार्टी-टू-पार्टी संबंध, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संगठन निर्माण और जनसंपर्क अभियानों पर विस्तृत चर्चा होगी.

यह भी पढ़ें: नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए रातों-रात लखपति! कुशीनगर में झांसा देकर बंधक बनाए 453 नेपाली नागरिक, STF ने लिया एक्शन

भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और आरएसपी अध्यक्ष लामिछाने के बीच बीजेपी मुख्यालय में ही मुलाकात तय की गई है. नेपाल में सत्ता का नेतृत्व लेने के बाद इन दोनों की यह पहली मुलाकात होगी. 

Advertisement

रवि लामिछाने के सम्मान में भोज का आयोजन भी किया गया है. जिसमें भाजपा के कुछ शीर्ष नेता, भारत सरकार के कुछ मंत्री, सांसद और दिल्ली सरकार के मंत्रियों के सहभागी होने की जानकारी दी गई है.

PM मोदी से मुलाकात

3 जून को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने के बीच मुलाकात का समय रखा गया है. यह मुलाकात कितने बजे और कहां होगी इस बारे में अभी कोई जानकारी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन नेपाली प्रतिनिधिमंडल के लिए 3 जून का समय खाली रखा गया है ताकि प्रधानमंत्री मोदी के अनुकूल समय में उनकी मुलाकात हो सके.

प्रधानमंत्री मोदी के अलावा कुछ अन्य सरकारी बैठकों का भी आयोजन किया गया है. इन बैठकों में नेपाल-भारत संबंध, क्षेत्रीय सहयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों व दोनों देशों के बीच जनस्तरीय संपर्क को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.

आरएसपी के अनुसार, नई दिल्ली में उच्चस्तरीय राजनीतिक और कूटनीतिक बैठकों के अलावा रवि लामिछाने भारत में रह रहे नेपाली समुदाय, पार्टी समर्थकों और शुभचिंतकों से भी संवाद करेंगे. भारतीय पक्ष ने भी इस यात्रा को दोनों दलों के बीच रचनात्मक संवाद की शुरुआत बताते हुए स्वागत किया है.

नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय नेपाली मंच नामक संगठन द्वारा 4 जून को एक नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहे नेपाली नागरिकों के तरफ से चुनाव में शानदार विजय हासिल करने के कारण वहां रवि लामिछाने का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किए जाने की जानकारी पार्टी के तरफ से दी गई है.

Advertisement

यात्रा के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत रवि लामिछाने अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे. वहां नेपाली समुदाय और कई सामाजिक संगठनों की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन भी आयोजित किया जाएगा.

रवि लामिछाने के साथ इस भ्रमण दल में उनकी पत्नी निकिता पौडेल, पार्टी के संसदीय दल के उपनेता विपिन आचार्य और सांसद दीपक बोहरा सहित लामिछाने के निजी सचिव प्रदीप आचार्य शामिल रहेंगे. नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास इस उच्चस्तरीय यात्रा का समन्वय कर रहा है.

आरएसपी और बीजेपी, दोनों ने अपने-अपने वक्तव्यों में विश्वास व्यक्त किया है कि यह यात्रा नेपाल और भारत के राजनीतिक दलों के बीच संवाद का नया अध्याय खोलेगी. दोनों देशों के लोकतांत्रिक और जन-केंद्रित सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement