scorecardresearch
 
Advertisement

Nepal Flood Live Updates: नेपाल जलप्रलय से अब तक 16 की मौत, UP के महाराजगंज-कुशीनगर में बाढ़ का खतरा, बिहार में भी अलर्ट

पंकज दास | काठमांडू, नई दिल्ली | 26 अगस्त 2026, 4:47 PM IST

Nepal Flood Live Updates: नेपाल में अचानक आई बाढ़ से 16 लोगों की मौत हुई है. 105 भारतीय पर्यटकों समेत 400 से ज्यादा पर्यटकों के लापता होने की खबर है. बचाव के लिए 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं

Nepal Flood Nepal Flood

Nepal Flood Live Updates: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं. इस बीच नेपाल से आने वाली नदियों का पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही चिंताजनक है. उन्होंने महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से जरूरी तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा गया है.

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात कर स्थिति पर चर्चा की है. राज्य में संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है. NDRF की कई टीमें बिहार के 6 जिलों के लिए रवाना की गई हैं. कोसी और गंडक नदी बेसिन में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट रखा गया है.

भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह अचानक पानी बढ़ने से टिमुरे बाजार और रसुवा सीमा नाके के कस्टम क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ. तेज बहाव में कई वाहन बह गए. बाढ़ से 13 जलविद्युत परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं. प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान लगातार जारी है.

पर्यटन और ट्रैवल कंपनियों से मिले शुरुआती रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रभावित इलाकों से 105 भारतीय समेत 400 यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है.  ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इन आंकड़ों की जांच की जा रही है. विदेशी पर्यटकों में भारतीयों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: नेपाल में आई बाढ़ से हाहाकार... 105 भारतीय समेत 400 से ज्यादा विदेशी टूरिस्ट लापता, अब तक 16 की मौत

कैलाश जर्नी: कुल 31 यात्री लापता बताए गए हैं. इनमें 26 विदेशी नागरिक हैं, लेकिन उनकी राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हुई है, जबकि 5 नेपाली नागरिक हैं.

Nepal Flood

पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस, स्थानीय प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियां लापता लोगों की जानकारी जुटा रही हैं. ट्रेकिंग गाइडों की मदद से भी प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश की जा रही है.

यह भी पढ़ें: तिब्बत से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही, क्या बिहार पर भी बढ़ रहा है खतरा?

25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

वहीं, नेपाल सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत के मुताबिक, बुसी तथा तुसु जैसे प्रभावित इलाकों से 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है. बचाव अभियान में 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं. इनमें 7 नेपाली सेना के हैं, जबकि 8 दूसरी एजेंसियों के हैं.

मछली ट्रेनिंग कैंप में मेडिकल सेंटर बनाया गया है. यहां घायलों का इलाज किया जा रहा है. प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों के साथ बचाव दल भी तैनात हैं.

13 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान

बाढ़ के तेज बहाव से 13 जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं. कई परियोजनाओं के बांध, विद्युतगृह तथा पहुंच मार्ग को नुकसान पहुंचा है. बाजार और सीमा क्षेत्र में खड़े वाहन भी पानी में बह गए. नुकसान का पूरा आकलन जमीनी जांच के बाद किया जाएगा.

बाढ़ के खतरे को देखते हुए काठमांडू ट्रैफिक पुलिस ने रसुवा, नुवाकोट, चितवन तथा धादिंग जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी है. नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी अलर्ट किया गया है.

भारत-नेपाल सीमा पर SSB अलर्ट

नेपाल में बाढ़ के बाद भारत-नेपाल सीमा पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. SSB ने 11 रेस्क्यू एंड रिलीफ टीमों को तैयार रखा है, जबकि 7 अतिरिक्त टीमें स्टैंडबाय पर हैं.

कोसी तथा नारायणी नदी बेसिन में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए निगरानी की जा रही है. उत्तर और पूर्वी बिहार के साथ उत्तर प्रदेश में घाघरा-कर्णाली और उत्तराखंड में महाकाली नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील इलाकों पर भी नजर रखी जा रही है.

सीमा पर तैनात SSB की बटालियनों को स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर इन टीमों को राहत तथा बचाव अभियान में लगाया जाएगा.

4:39 PM (8 मिनट पहले)

नेपाल में जलप्रलय से 19 पुल और 40 सड़कें बहीं

Posted by :- Dheeraj

नेपाल में जलप्रलय के बाद कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है. लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड के कारण 19 पुल और 40 सड़कें बह गई हैं, जिससे कई जगहों पर आवाजाही प्रभावित हुई है.

4:34 PM (13 मिनट पहले)

बाढ़ प्रभावितों के रेस्क्यू में जुटी नेपाली सेना

Posted by :- Dheeraj

नेपाल में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ के बाद नेपाली सेना राहत और बचाव अभियान में जुटी है. सेना ने बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ लोगों से सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है.

 

4:24 PM (24 मिनट पहले)

नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए भारत भेज रहा राहत सामग्री

Posted by :- Dheeraj

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारत राहत सामग्री भेज रहा है. बाढ़ से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं. भारत की ओर से भेजी जा रही मदद में जरूरी सामान शामिल है, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द राहत पहुंचाई जा सके.
 

(इनपुट: गीता)

4:20 PM (28 मिनट पहले)

नेपाल की बाढ़ से यूपी-बिहार में बढ़ा खतरा

Posted by :- Dheeraj

नेपाल के रसुवा में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ से अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 384 पर्यटकों और यात्रियों का पता नहीं चल पाया है. नेपाल में तबाही के बाद उत्तर प्रदेश के महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक-नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ की आशंका को देखते हुए CM योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. वहीं बिहार में भी कोसी और गंडक नदी के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है. CM सम्राट चौधरी ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की है, जबकि 6 जिलों में NDRF की टीमें भेजी गई हैं. भारत-नेपाल सीमा पर SSB ने भी रेस्क्यू और राहत टीमों को तैयार रखा है.

Advertisement
3:05 PM (एक घंटा पहले)

Nepal Flood Updates: राहत कार्य के लिए उतारे गए 15 हेलीकॉप्टर

Posted by :- Aanchal

नेपाल में आई बाढ़ के कारण बिहार में गंडक नदी में संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई बैठक में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. पूरी स्टोरी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें-- पहाड़ों से उठा धुएं का गुबार और फिर महाप्रलय से पुल-शहर तबाह, नेपाल में बाढ़ के 4 खौफनाक VIDEO

Advertisement
Advertisement