नेपाल एयरलाइंस ने अपने नेटवर्क मैप में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाने की गलती के लिए गुरुवार को औपचारिक रूप से माफी मांगी. सोशल मीडिया पर इस मैप के शेयर होने के बाद भारत में भारी आक्रोश फैल गया था.
दरअसल, नेपाल एयरलाइंस ने अपने उड़ान नेटवर्क को प्रमोट करने के लिए बुधवार को एक मैप शेयर किया था, जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था. जबकि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है. इस मैप की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे गलत और जानबूझकर किया गया कृत्य बताते हुए नेपाल एयरलाइंस की आलोचना की.
जल्द ही #BoycottNepalAirlines हैशटैग ट्रेंड करने लगा, जिसमें यूजर्स विदेश मंत्रालय (MEA) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से नेपाल के साथ राजनयिक विरोध दर्ज कराने की अपील की.
विवाद बढ़ने के बाद एयरलाइंस ने तुरंत पोस्ट डिलीट कर दी और स्पष्ट किया कि ये मैप नेपाल की आधिकारिक नीति को नहीं दिखाता. कंपनी ने इसे एक तकनीकी या कार्टोग्राफिक त्रुटि करार दिया और आश्वासन दिया कि आगे से ऐसी गलतियां न हों, इसके लिए आंतरिक जांच की जा रही है.
नेपाल एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा, 'हम हाल ही में अपने सोशल मीडिया चैनलों पर साझा किए गए नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं. इस मैप में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर गंभीर कार्टोग्राफिक गलतियां थीं जो नेपाल सरकार या नेपाल एयरलाइंस की आधिकारिक स्टैंड नहीं है.'
एयरलाइंस ने कहा कि हमने तुरंत उस पोस्ट को हटा दिया है और आंतरिक जांच शुरू कर दी है, ताकि आने वाले वक्त (भविष्य) में हमारी सभी सामग्रियां सटीकता के उच्चतम मानकों को पूरा करें. हम क्षेत्र में अपने पड़ोसियों और मित्र देशों के साथ मजबूत संबंधों को बहुत महत्व देते हैं और पोस्ट से किसी भी तरह की नाराजगी के लिए खेद व्यक्त करते हैं.