शनिवार को दक्षिणी लेबनान पर इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि इजरायली सेना ने सीमावर्ती गांव में स्थित एक कैथोलिक कॉन्वेंट के कुछ हिस्सों को भी ध्वस्त कर दिया.
17 अप्रैल से लागू युद्धविराम के बावजूद इजरायल और लेबनान में हमले जारी हैं. इजरायली सेना ने दक्षिणी गांवों के 9 इलाकों के निवासियों को क्षेत्र खाली करने की नई चेतावनी जारी की थी. सीमावर्ती गांव यारौन में, सेना ने बुलडोजर का इस्तेमाल कर कैथोलिक कॉन्वेंट के हिस्सों को भी नष्ट कर दिया जो हालिया लड़ाई के चलते खाली पड़े थे.
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, बेसिलियन साल्वेटोरियन सिस्टर्स की सुपीरियर जनरल ग्लेडिस सब्बाग ने कहा, “हमने सुना है कि ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया” सब्बाग ने बताया कि कॉन्वेंट में एक स्कूल भी था, जो 2006 के इजरायल‑हिज्बुल्लाह युद्ध के बाद से बंद पड़ा था. इसके अलावा वहां एक क्लिनिक भी था, जिसे हाल ही में पास के रमीच गांव में शिफ्ट कर दिया गया है.
इजरायल के बयान का खंडन
इजरायली सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि यारौन में हिज्बुल्लाह के इन्फ्रास्ट्रक्चर को नष्ट करते समय एक ऐसे घर को नुकसान पहुंचा, जिस पर कोई धार्मिक चिन्ह नहीं थे. बयान में आगे कहा गया कि जैसे ही सेना को पता चला कि यह घर एक चर्च से जुड़ा है, सैनिकों ने आगे और नुकसान होने से रोक दिया.
सेना ने यह भी कहा कि हिज्बुल्लाह ने अतीत में कई मौकों पर इस परिसर का इस्तेमाल इजरायल की ओर रॉकेट दागने के लिए किया था. सेना ने यह भी कहा कि वह जानबूझकर धार्मिक संस्थानों पर हमला नहीं करती है.
वहीं, लेबनान में कैथोलिक चर्च ने इस दावे को खारिज कर दिया कि परिसर का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए किया गया था.
कैथोलिक सूचना सेंटर के निदेशक रेव. अब्दो अबू कास्म ने कहा, “हम पूजा स्थलों और चर्च के खिलाफ सभी प्रकार की गतिविधियों के विरुद्ध हैं. ये शांति, प्रेम और शिक्षा फैलाने के स्थान हैं, ये सैन्य अड्डे नहीं हैं.”
कॉन्वेंट में तोड़फोड़ की घटना दक्षिणी लेबनान में जीसस की मूर्ति पर एक इजरायली सैनिक द्वारा कुल्हाड़ी चलाने की तस्वीरें सामने आने के कुछ दिनों बाद हुई, जिसकी लेबनान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक निंदा हुई है. इजरायल का कहना है कि वह हिज्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे और सदस्यों को निशाना बना रहा है.
वहीं, लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि कफर दजल गांव में एक कार पर हुए हवाई हमले में 2 लोग मारे गए, जबकि लवाइज़ेह गांव में एक घर पर हुए हमले में 3 लोगों की मौत हुई. एजेंसी ने यह भी बताया कि शौकिन गांव पर हुए हमले में 2 अन्य लोग मारे गए हैं.
इज़रायल की सेना की अरबी भाषा के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एला वावैया ने एक्स पर पोस्ट किया कि इजरायली वायु सेना ने पिछले 24 घंटों में हिज्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे और सदस्यों को निशाना बनाते हुए लगभग 50 हवाई हमले किए.