ईरान से अमेरिका-इजरायल की युद्ध चौथे दिन भी जारी है और दोनों तरफ से एयर स्ट्राइक, मिसाइल अटैक और ड्रोन हमले जारी हैं. इस बीच इजरायली वायुसेना (IAF) ने कहा है कि उसके विमान दुश्मन के क्षेत्र और राजधानी तेहरान के ऊपर तक उड़ान भर रहे हैं और मिशन पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा.
इजरायली वायुसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में रमात डेविड एयरबेस के कमांडर कर्नल ए ने कहा कि वायुसेना गहरे दुश्मन क्षेत्र में उच्च जोखिम के बावजूद अभियान चला रही है. इजरायली वायुसेना राजधानी तेहरान समेत पूरे ईरान में लगातार एयर स्ट्राइक कर रही है जिससे हर तरफ वहां बर्बादी के निशान और मलबा नजर आ रहा है.
तेहरान के ऊपर इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट
बयान के अनुसार, 'हम दुश्मन के क्षेत्र और उसकी राजधानी तेहरान के ऊपर दृढ़ संकल्प और गहरे मिशन भाव के साथ उड़ान भर रहे हैं, हम नहीं रुकेंगे'. उन्होंने कहा कि एयरक्रू इजरायल से काफी दूर उच्च जोखिम वाले हालात में अपना मिशन अंजाम दे रहे हैं, जबकि दुश्मन की वायु रक्षा प्रणाली ने उनके खिलाफ दर्जनों ग्राउंड-टू-एयर मिसाइलें दागी हैं.
कमांडर ने बताया कि एयरबेस पर तैनात ग्राउंड क्रू, पायलट और नेविगेटर चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं. वो साहस और पेशेवराना रवैये के साथ खतरे का सामना करते हुए मिशन की सफलता सुनिश्चित कर रहे हैं और इजरायल के नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रयासरत हैं.
लक्ष्य प्राप्त करने तक जारी रहेगा ऑपरेशन
उन्होंने मेंटेनेंस कर्मियों की भी सराहना की, जो हमले के बीच विमानों को हथियारों से लैस करने, ईंधन भरने, सर्विसिंग करने और उड़ान के लिए तैयार रखने का कार्य कर रहे हैं. बयान में कहा गया कि मेंटेनेंस टीम जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी लगातार अपने दायित्व निभा रही है.
रमात डेविड एयरबेस के कमांडर ने वायुसेना और बेस कर्मियों को सलाम करते हुए कहा कि वो साहस, समर्पण और मूल्यों का परिचय दे रहे हैं. बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि ऑपरेशन को तब तक जारी रखा जाएगा जब तक निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते. यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ी हुई हैं और दोनों पक्षों के बीच तनाव तनाव चरम पर है और बिना रुके लगातार हमले हो रहे हैं.