scorecardresearch
 

हूतियों ने सऊदी अरब के अरामको और रियाद एयरपोर्ट को बनाया निशाना, हमलों की ली जिम्मेदारी

हूतियों ने सऊदी अरब के तेल ठिकानों, रियाद एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया है. संगठन ने सऊदी सैन्य कार्रवाई के जवाब में आगे भी हमले जारी रखने की चेतावनी दी है.

Advertisement
X
यमन के हमलों का बदला लेने का किया दावा. (File Photo: Reuters)
यमन के हमलों का बदला लेने का किया दावा. (File Photo: Reuters)

ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब में तेल ठिकानों, एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है. हूतियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि संगठन ने सऊदी अरब में छह सैन्य ऑपरेशन किए. इनमें रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सरकारी तेल कंपनी अरामको के ठिकाने भी शामिल हैं.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, याह्या सरी का कहना है कि इन हमलों में बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने दावा किया कि ये हमले यमन के ताइज और बनी हशीश में आम लोगों पर सऊदी अरब के हमलों के जवाब में किए गए हैं.

रियाद एयरपोर्ट और अरामको के ठिकानों को बनाया निशाना

पहले हमले को लेकर याह्या सरी ने कहा कि इसमें रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अरामको के तेल भंडारण टैंकों और एक डिस्टिलेशन टावर को निशाना बनाया गया. उन्होंने इसे सफल ऑपरेशन बताया. उन्होंने दूसरे हमले में पूर्वी सऊदी अरब के खुरैस इलाके में अरामको की सुविधाओं को निशाना बनाने की बात कही. वहीं, तीसरे हमले में दवादमी के पंपिंग स्टेशन नंबर 8 को निशाना बनाने का दावा किया.

सऊदी सैनिकों के ठिकानों पर भी हमले का दावा

Advertisement

बाकी तीन ऑपरेशन सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और सैनिकों के खिलाफ किए गए. इनमें से एक हमला नजरान में सऊदी नेशनल गार्ड के कैंप पर किया गया. सरी ने इस हमले में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने का दावा किया. इसके अलावा, उन्होंने बताया कि अन्य दो ऑपरेशन यमन के मारिब और अल-जौफ इलाकों में किए गए. इन इलाकों में तैनात सऊदी सैनिकों के जमावड़े को निशाना बनाया गया. इन हमलों में भी सैनिकों के हताहत होने का दावा किया गया है.

यमन में 105 हवाई हमलों का आरोप

हूतियों के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अलग पोस्ट में दावा किया कि पिछले 24 घंटे में सऊदी सेना ने यमन में 105 हवाई और मिसाइल हमले किए. ये हमले सना, अल-जौफ, ताइज, अमरान, हज्जाह, सादा, मारिब और लाहज में किए गए. सरी ने यह भी दावा किया कि इन हमलों में F-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल हुआ. उनके मुताबिक, इन विमानों ने खामिस मुशैत और ताइफ के एयरबेस से उड़ान भरी थी. उन्होंने नजरान और जिजान से मिसाइलें दागे जाने का भी दावा किया.

हूतियों के प्रवक्ता ने कहा कि इन हमलों में कई आम लोग मारे गए और घायल हुए, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे. सरी ने यह भी बताया कि ताजा हमलों के बाद तनाव शुरू होने से अब तक सऊदी अरब की ओर से किए गए हवाई और मिसाइल हमलों की कुल संख्या 4,369 हो गई है.

Advertisement

सना के पास हवाई हमले में 25 लोगों की मौत का दावा

इसी दिन सना के पास एक गांव में घरों पर हवाई हमले किए गए. हूतियों के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने इन हमलों में कम से कम 25 लोगों की मौत और करीब 30 लोगों के घायल होने की जानकारी दी. 

दूसरी ओर, यमन की सरकारी सेना ने दावा किया कि उसने मारिब के उत्तरी मोर्चे पर हूतियों की सैन्य गतिविधियों को रोक दिया है. सेना ने कहा कि इस कार्रवाई में लड़ाकू उपकरण नष्ट किए गए और मोर्चे के पास तैनात हूती लड़ाकों को निष्क्रिय कर दिया गया.

फिलहाल याह्या सरी ने सऊदी अरब को चेतावनी देते हुए कहा कि हूती उसके इलाके में हमले जारी रखेंगे. उन्होंने सऊदी सैनिकों और अधिकारियों को भी निशाना बनाने की बात कही. सरी ने कहा कि यमन में सऊदी कार्रवाई जारी रही तो हूती भी जवाबी हमले जारी रखेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement